छत्तीसगढ़

कलेक्टर और सेवा एक पहल की डिजिटल मुहिम; ग्रामीण स्कूल को मिला स्मार्ट टीवी, बदलेगा सीखने का अंदाज

बच्चों में तकनीकी रुचि बढ़ेगी, शिक्षण होगा और अधिक आसान, रोचक व प्रभावी

सीपत (हिमांशु गुप्ता)। सेवा एक पहल संस्था द्वारा विद्यालयों को डिजिटल शिक्षा से जोडऩे और बच्चों को आधुनिक तकनीक आधारित शिक्षण उपलब्ध कराने की श्रृंखला में एक सराहनीय पहल की गई है। इसी पहल अंतर्गत विकासखंड मस्तूरी जिला बिलासपुर के संकुल केंद्र कन्या स्कूल सीपत के अंतर्गत संचालित शासकीय प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक शाला कौवाताल को बिलासपुर कलेक्टर संजय अग्रवाल द्वारा स्मार्ट टीवी समर्पित किया गया।

डिजिटल तकनीक बच्चों की सीखने की बढ़ाती है ताकत : कलेक्टर संजय अग्रवाल

कलेक्टर अग्रवाल ने कहा कि डिजिटल तकनीक आज उत्कृष्ट शिक्षा का सबसे सशक्त माध्यम बन चुकी है। स्मार्ट टीवी के माध्यम से बच्चे विषयों को रचनात्मक तरीकों से समझेंगे और उनकी सीखने की क्षमता कई गुना बढ़ेगी। स्मार्ट टीवी मिलने से विद्यालय में डिजिटल शिक्षण सामग्री, शैक्षिक वीडियो, प्रस्तुतीकरण (प्रेजेंटेशन) जैसे आधुनिक साधनों का लाभ बच्चों को मिलेगा। यह पहल ग्रामीण अंचल के बच्चों को तकनीकी रूप से सशक्त बनाने की दिशा में बड़ा कदम मानी जा रही है। डिजिटल तकनीक भविष्य की शिक्षा व्यवस्था का मजबूत आधार है। स्मार्ट टीवी से बच्चों की सीखने की प्रक्रिया और अधिक प्रभावशाली होगी। कार्यक्रम में जिला शिक्षा अधिकारी बिलासपुर विजय टांडे, विकासखंड शिक्षा अधिकारी मस्तूरी शिवराम टंडन, तथा सेवा एक पहल संस्था के सदस्य सतराम जेठमलानी, रेखा आहूजा, विकास सुल्तानिया, मनोज सारवानी एवं लक्की घई उपस्थित रहे। विद्यालय परिवार ने संस्था के सदस्यों को मोमेंटो प्रदान कर आभार व्यक्त किया।

स्मार्ट टीवी से शिक्षण होगा और अधिक गुणवत्तापूर्ण व रोचक : बीईओ टंडन

मस्तूरी विकासखंड शिक्षाधिकारी शिवराम टंडन ने कहा कि शिक्षा के बदलते स्वरूप में डिजिटल माध्यम अत्यंत आवश्यक हो गए हैं। स्मार्ट टीवी से शिक्षण और अधिक गुणवत्तापूर्ण, सरल एवं बच्चों के अनुरूप बन जाएगा। यह पहल बच्चों की सीखने की गति और समझ को नई दिशा देगी। संस्था का यह प्रयास सराहनीय है और भविष्य में इसके अत्यंत सकारात्मक परिणाम देखने मिलेंगे।

यह केवल टीवी नहीं—बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की नई खिडक़ी है : प्रमोद पांडेय

संकुल समन्वयक प्रमोद कुमार पांडेय ने कहा कि स्मार्ट टीवी विद्यालय के लिए तकनीक का नया द्वार है। इससे शिक्षक बच्चों को कठिन विषयों को भी सरलता से डिजिटल माध्यमों के जरिए समझा पाएंगे। यह केवल टीवी नहीं—बल्कि विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की एक नई खिडक़ी है। सेवा एक पहल संस्था तथा प्रशासन की यह पहल लंबे समय तक शिक्षा स्तर को मजबूत करेगी।
इस अवसर पर सूरज क्षत्री विकासखंड स्त्रोत समन्वयक मस्तूरी , प्रमोद कुमार पाण्डेय संकुल शैक्षिक समन्वयक कन्या सीपत , श्रीकांत श्रीवास संकुल शैक्षिक समन्वयक बालक सीपत , प्रधानपाठक रामकिशुन सूर्यवंशी , शिक्षक मोहन लाल बघेल सहित अन्य शिक्षक व ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button