आस्था और संस्कृति को मिलेगा भव्य मंच; सोंठी के मन्नादाई मंदिर परिसर में सांस्कृतिक मंच निर्माण का भूमिपूजन
सांसद तोखन साहू की पहल से सुदूर वनांचल सोंठी में सांस्कृतिक गतिविधियों को मिलेगा नया आयाम, 5 लाख की स्वीकृति से शुरू हुआ निर्माण कार्य

सीपत (हिमांशु गुप्ता)। बिलासपुर जिले के सुदूर वनांचल क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सोंठी में स्थित पर्वत वासिनी बगलामुखी मां मन्नादाई का विख्यात मंदिर श्रद्धा, आस्था और सांस्कृतिक चेतना का प्रमुख केन्द्र है। इसी धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपरा को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए मंदिर परिसर में सांस्कृतिक मंच निर्माण कार्य का भव्य भूमिपूजन संपन्न हुआ. श्री तोखन साहू जी, सांसद बिलासपुर एवं केंद्रीय राज्य मंत्री द्वारा सोंठी प्रवास के दौरान मंदिर प्रांगण में सांस्कृतिक मंच निर्माण हेतु 5,00,000 (पाँच लाख रुपए) की स्वीकृति प्रदान की गई थी। उक्त स्वीकृति के तहत आज दिनांक 7 दिसंबर को बगलामुखी मां मन्नादाई सेवा समिति के अध्यक्ष श्री रामेश्वर जायसवाल एवं ग्राम सरपंच श्रीमती नीमा वस्त्रकार की गरिमामयी उपस्थिति में विधिवत भूमि पूजन कर निर्माण कार्य का शुभारंभ किया गया।।इस अवसर पर पूजा-अर्चना एवं विधि-विधान के साथ कार्यक्रम सम्पन्न हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीणजन, जनप्रतिनिधि एवं मंदिर समिति से जुड़े पदाधिकारी उपस्थित रहे।
सांस्कृतिक मंच से गांव की आस्था, परंपरा और पहचान को मिलेगी नई मजबूती: नीमा वस्त्रकार
ग्राम सरपंच श्रीमती नीमा वस्त्रकार ने कहा कि यह सांस्कृतिक मंच हमारे गांव के लिए केवल एक निर्माण कार्य नहीं, बल्कि हमारी सामाजिक–सांस्कृतिक पहचान को मजबूत करने का माध्यम है। इससे धार्मिक आयोजनों के साथ-साथ लोकसंस्कृति, भजन, कीर्तन और सामाजिक कार्यक्रमों को सशक्त मंच मिलेगा। इसके लिए हम माननीय सांसद तोखन साहू जी का हृदय से आभार व्यक्त करते हैं।
मां मन्नादाई के आशीर्वाद से सांस्कृतिक गतिविधियों को मिलेगा सशक्त मंच: रामेश्वर जायसवाल
बगलामुखी मां मन्नादाई सेवा समिति के अध्यक्ष श्री रामेश्वर जायसवाल ने कहा कि मां मन्नादाई के आशीर्वाद से यह कार्य प्रारंभ हो रहा है। सांस्कृतिक मंच बनने से मंदिर परिसर में होने वाले धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों को सुव्यवस्थित एवं भव्य स्वरूप मिलेगा। यह स्वीकृति ग्राम सोंठी के विकास और सांस्कृतिक उत्थान की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है।
भूमिपूजन में ये प्रमुख लोग रहे उपस्थित
भूमिपूजन कार्यक्रम में पंचायत वार्ड पंच रामकुमारी, बुधराम केवट, सी.डी. महंत, रामकुमार कश्यप, ग्राम के वरिष्ठजन हीरालाल पटेल, कृष्ण कुमार दुबे, संतोष कुमार ठाकुर, रामेश्वर सिदार, पुजारी प्रमोद महाराज, बैगा किशन मरकाम, मंदिर समिति के उपाध्यक्ष भीम प्रताप सिंह, कोषाध्यक्ष भूपेंद्र तिवारी, सचिव राजकिशोर ठाकुर सहित शिव सिंह नेटी, लक्ष्मी जायसवाल, राजेंद्र ठाकुर, पंकज कश्यप, गोपी वस्त्रकार एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं ग्रामवासी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन मां बगलामुखी के जयघोष एवं प्रसाद वितरण के साथ हुआ। ग्रामीणों में सांस्कृतिक मंच निर्माण को लेकर उत्साह और हर्ष का माहौल देखने को मिला।



