छत्तीसगढ़

जानकारी, संवेदनशीलता और सकारात्मक सोच ही एड्स से लडऩे की सबसे बड़ी ताकत है: डॉ. राजीवशंकर खेर

रंगोली, पोस्टर और प्रश्न मंच के माध्यम से छात्र-छात्राओं ने दिया जानकारी ही बचाव का संदेश

सीपत (हिमांशु गुप्ता)। शासकीय महाविद्यालय मदनलाल शुक्ल में राष्ट्रीय सेवा योजना एवं रेड रिबन क्लब के संयुक्त तत्वावधान में शनिवार को विश्व एड्स दिवस पखवाड़ा के अवसर पर विविध जागरूकता कार्यक्रमों का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में एचआईवी/एड्स की रोकथाम, सुरक्षा उपायों एवं सकारात्मक सोच के प्रति जागरूकता फैलाना रहा। इस अवसर पर छात्र-छात्राओं ने रंगोली, पोस्टर चित्रकला प्रतियोगिता एवं प्रश्न मंच के माध्यम से जानकारी ही बचाव है, सुरक्षा ही संकल्प है जैसे विषयों पर अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रभावशाली प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिताओं में प्रतिभागियों ने एचआईवी एवं एड्स से संबंधित भ्रांतियों को दूर करने और समाज को जागरूक करने का सशक्त संदेश दिया। रंगोली प्रतियोगिता में राधा साहू (प्रथम सेमेस्टर एमएसडब्ल्यू) ने प्रथम स्थान, काजल यादव ने द्वितीय स्थान , पोस्टर चित्रकला प्रतियोगिता में राधा साहू ने प्रथम स्थान , प्रश्न मंच प्रतियोगिता में दीपक राठौर ने प्रथम स्थान प्राप्त कर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता उपरांत सभी विजेताओं को मोमेंटो एवं प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित शासकीय महाविद्यालय मदन लाल शुक्ल के प्राचार्य डॉ. राजीव शंकर खेर ने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि एचआईवी/एड्स केवल एक स्वास्थ्य विषय नहीं, बल्कि सामाजिक चेतना और मानवीय संवेदनशीलता का विषय है।
उन्होंने कहा कि भय, भ्रांति और भेदभाव ही इस बीमारी को और खतरनाक बनाते हैं, जबकि सही जानकारी, जागरूकता और सकारात्मक दृष्टिकोण इसके प्रभावी समाधान हैं। डॉ. खेर ने वर्ष 2025 की थीम व्यवधानों के पार करते हुए एड्स के प्रति सकारात्मक प्रतिक्रिया का उल्लेख करते हुए कहा कि समाज को अब मौन, उपेक्षा और गलत धारणाओं से बाहर निकलकर वैज्ञानिक सोच और मानवीय दृष्टि अपनानी होगी। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे स्वयं जागरूक बनें और परिवार व समाज में सही जानकारी के संवाहक बनकर एड्स के प्रति फैली भ्रांतियों को समाप्त करें। उन्होंने आगे कहा कि युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है, क्योंकि जागरूक युवा ही सुरक्षित समाज की नींव रखते हैं। राष्ट्रीय सेवा योजना और रेड रिबन क्लब जैसे मंच युवाओं को सामाजिक जिम्मेदारी से जोडऩे का सशक्त माध्यम हैं, जिनके माध्यम से ‘जानकारी ही बचाव है’ का संदेश जन-जन तक पहुंचाया जा सकता है। कार्यक्रम में तृप्ति शुक्ला एवं कमलेश सिंह ने निर्णायक की भूमिका निभाई। वहीं पोस्टर चित्रकला प्रतियोगिता में श्रृष्टि मखीजा एवं माधुरी व्यास, तथा प्रश्न मंच में भूपेंद्र देवांगन, वंदना श्रीवास्तव एवं पूजा यादव निर्णायक के रूप में उपस्थित रहे।।कार्यक्रम में श्रीमती नीना बखरिया, डॉ. शुभ्रा मिश्रा, श्वेता पंड्या एवं जीवन प्रभाकर गोरे विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संयोजन एवं संचालन रेड रिबन क्लब प्रभारी एवं एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी शत्रुघ्न घृतलहरे द्वारा किया गया, जबकि आभार प्रदर्शन भूपेंद्र देवांगन ने किया।

Related Articles

Back to top button