मस्तूरी क्षेत्र का सर्वांगीण विकास मेरी सर्वोच्च प्राथमिकता , जनता की भरोसा ही मेरा ताकत : विधायक लहरिया
सीपत क्षेत्र में 67 लाख के विकास कार्यों का लोकार्पण-भूमिपूजन, विधायक व जिला पंचायत सदस्य ने किया शुभारंभ

सीपत (हिमांशु गुप्ता)। मस्तूरी विधानसभा क्षेत्र में विकास की रफ्तार को और तेज करते हुए शनिवार को मस्तूरी विधायक श्री दिलीप लहरिया एवं जिला पंचायत सदस्य श्री राजेंद्र धीवर ने संयुक्त रूप से लगभग 67 लाख रुपये की लागत से होने वाले विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया। इस अवसर पर ग्रामीणों में भारी उत्साह देखने को मिला और क्षेत्र को लंबे समय से प्रतीक्षित बुनियादी सुविधाओं की सौगात मिली। कार्यक्रम के तहत पोड़ी में 12 लाख रुपये की लागत से बनने वाले आंगनबाड़ी भवन का भूमिपूजन, लुतरा शरीफ में 10 लाख रुपये की लागत से सांस्कृतिक मंच, तथा 4 लाख रुपये की सीसी रोड, जेवरा में 12 लाख रुपये की लागत से गोदाम भवन, 8-8 लाख रुपये की लागत से सीसी रोड तथा 12.50 लाख रुपये की लागत से एक अन्य गोदाम भवन का भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया गया। इन कार्यों से ग्रामीण अंचल में शिक्षा, संस्कृति, यातायात और भंडारण सुविधाओं को मजबूती मिलेगी। इस अवसर विधायक श्री दिलीप लहरिया ने कहा कि मस्तूरी विधानसभा का हर गांव, हर मजरा और हर मोहल्ला विकास की मुख्यधारा से जुड़े—यही मेरा संकल्प है। हमारी सरकार और जनप्रतिनिधि लगातार जनता की जरूरतों के अनुसार काम कर रहे हैं। आंगनबाड़ी भवन, सीसी रोड, सांस्कृतिक मंच और गोदाम जैसे कार्य सीधे ग्रामीण जीवन को सशक्त बनाते हैं। आने वाले समय में क्षेत्र में विकास की यह गति और तेज होगी तथा किसी भी गांव को मूलभूत सुविधाओं से वंचित नहीं रहने दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि जनता का भरोसा ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है और उसी भरोसे के बल पर क्षेत्र का चहुंमुखी विकास किया जा रहा है। जिला पंचायत सदस्य श्री राजेंद्र धीवर ने कहा कि विकास केवल घोषणाओं से नहीं, बल्कि ज़मीन पर काम दिखने से होता है। आज जिन कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण हुआ है, वे ग्रामीणों की वर्षों पुरानी मांग थीं। विधायक दिलीप लहरिया के नेतृत्व में हम लगातार गांव-गांव जाकर जरूरतों को चिन्हित कर रहे हैं और उन्हें प्राथमिकता के साथ पूरा कर रहे हैं। आने वाले समय में सीपत क्षेत्र विकास का उदाहरण बनेगा। उन्होंने जनता को भरोसा दिलाया कि वे हर समय क्षेत्र की आवाज बनकर कार्य करते रहेंगे।

इस अवसर पर कार्यक्रम में प्रमुख रूप से जनपद सदस्य मनोज खरे, जनपद सदस्य प्रतिनिधि देव सिंह पोरते, देवेश शर्मा, किसान नेता प्रमोद जायसवाल, पुष्कर मेरावी, ब्लॉक कांग्रेस प्रवक्ता घनश्याम नेताम, धनिदास महंत, पूर्व इंडियन आर्मी चंदलाल कमरो, नारायण सिंह श्याम, जेवरा सरपंच मूलचंद पटेल, लुतरा सरपंच चंद्रमणि मरावी, खोंधरा उपसरपंच सुरेश, हरनारायण पटेल, पोड़ी सरपंच सूर्यप्रकाश शेष, पूर्व जनपद सदस्य गोपी पटेल, ललित आर्मो, अनिल सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में ग्रामीणों ने जनप्रतिनिधियों का आभार जताते हुए विकास कार्यों के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया।


