शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने वाला आरोपी सीपत पुलिस के शिकंजे में, 24 घंटे में गिरफ्तारी
पीडि़ता की शिकायत पर त्वरित कार्रवाई, आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया जेल

सीपत (हिमांशु गुप्ता)। पुलिस ने शादी का झांसा देकर पीडि़ता का शारीरिक शोषण करने वाले आरोपी को त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। पुलिस की इस सख्त कार्रवाई से क्षेत्र में कानून व्यवस्था को लेकर भरोसा और मजबूत हुआ है। सीपत थाना प्रभारी राजेश मिश्रा से मिली जानकारी के अनुसार 13 दिसंबर 2025 को पीडि़ता द्वारा थाना सीपत में रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि आरोपी सुशांत उर्फ बबला मानिकपुरी द्वारा उसे शादी का झांसा देकर जबरदस्ती शारीरिक शोषण किया गया। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए थाना सीपत में अपराध दर्ज कर वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दी गई। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने आरोपी की पतासाजी कर उसे हिरासत में लिया। त्वरित विवेचना के बाद दिनांक 14 दिसंबर 2025 को आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। परसाही कुंआपारा निवासी आरोपी सुशांत उर्फ बबला मानिकपुरी पिता गणेशदास मानिकपुरी उम्र 24 वर्ष को गिरफ्तार कर लिया गया है। थाना प्रभारी राजेश मिश्रा ने बताया कि महिलाओं के विरुद्ध अपराधों पर सीपत पुलिस शून्य सहनशीलता की नीति पर कार्य कर रही है। पीडि़ता की शिकायत पर त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। ऐसे मामलों में कानून के तहत सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।
सीपत पुलिस की तत्परता और संवेदनशीलता से एक गंभीर अपराध में त्वरित न्यायिक प्रक्रिया सुनिश्चित हुई है। पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया है कि महिलाओं के सम्मान और सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।

