छत्तीसगढ़

सीपत कॉलेज ने लहराया परचम; जिलास्तरीय युवा उत्सव में एकांकी विधा में प्रथम स्थान, राज्य स्तर के लिए चयन

सीपत (हिमांशु गुप्ता)। शासकीय महाविद्यालय मदनलाल शुक्ल, सीपत ने खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा आयोजित जिलास्तरीय युवा उत्सव में शानदार प्रदर्शन करते हुए एकांकी विधा में प्रथम स्थान प्राप्त कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। सामाजिक सरोकारों पर आधारित इस प्रभावशाली प्रस्तुति ने निर्णायकों के साथ-साथ उपस्थित जनसमूह को भी गहराई से प्रभावित किया। कार्यक्रम अधिकारी एवं राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के प्रभारी शत्रुघ्न घृतलहरे ने बताया कि एकांकी नाटक में वर्तमान सामाजिक व्यवहार, शराब व्यसन, यातायात जागरूकता, रूढि़वादी सोच एवं दहेज प्रथा जैसी गंभीर सामाजिक समस्याओं को सशक्त संदेश के साथ मंच पर प्रस्तुत किया गया।
नाटक के दौरान दर्शकों की तालियों और सराहना ने कलाकारों का उत्साह कई गुना बढ़ा दिया। इस एकांकी में 12 स्वयंसेवकों ने सहभागिता निभाई। मिथिलेश ने पुलिस की भूमिका, इसरार अली ने दूल्हा, लक्ष्मी धीवर ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, नरेंद्र पंडित, विकास कोटवार, सुबीर, मोनिका, सत्यवान, दीप्ति, काजल, खुशबू, प्रिया साहू एवं लक्ष्मी ने अपने सशक्त अभिनय से नाटक को जीवंत बना दिया। नाटक की मुख्य भूमिका प्रशांत यादव ने प्रभावशाली ढंग से निभाई, जिसे दर्शकों ने विशेष सराहना दी। एकांकी का लेखन एवं निर्देशन कार्यक्रम अधिकारी शत्रुघ्न घृतलहरे द्वारा किया गया, जिन्होंने सामाजिक संदेश को कलात्मक ढंग से मंच पर उतारकर प्रस्तुति को यादगार बना दिया। कार्यक्रम में बिलासा कॉलेज के प्राचार्य डॉ. एस. आर. कमलेश, गेड़ी नृत्य के ख्यातिप्राप्त अंतरराष्ट्रीय कलाकार अनिल गढ़वाल तथा रंगकर्मी गिरीश कुमार मिश्रा विशेष रूप से उपस्थित रहे और प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।
जिलास्तरीय प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने के साथ ही राज्य स्तरीय युवा प्रतियोगिता के लिए सीपत कॉलेज का चयन होने पर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. राजीव शंकर खेर ने सभी छात्र-छात्राओं, स्वयंसेवकों एवं मार्गदर्शकों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं और राज्य स्तर पर भी उत्कृष्ट प्रदर्शन की आशा जताई।

Related Articles

Back to top button