सीपत में खौफनाक सडक़ हादसा; टायर फटते ही बेकाबू कार मटियारी सरपंच के आंगन में घुसी, बाइक सवार दो सगे भाइयों को रौंदा, पुलिस जांच में जुटी
तेज रफ्तार वाहन बना आफत, इलाके में मची अफरा-तफरी , दोनों युवक गंभीर, सिम्स में जिंदगी से जंग

सीपत (हिमांशु गुप्ता)। बिलासपुर जिले के सीपत थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह एक भीषण सडक़ हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। तेज रफ्तार कार का टायर फटते ही वाहन अनियंत्रित हो गया और सीधे ग्राम पंचायत के सरपंच के घर के आंगन में जा घुसा। इस दौरान सामने से आ रही बाइक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे बाइक सवार दो सगे भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। मिली जानकारी के अनुसार, रतनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम परसदा (लखराम) निवासी करण कुमार केवट (29 वर्ष) और कौशल प्रसाद केवट (27 वर्ष) बुधवार सुबह अपने रिश्तेदार के घर ग्राम मटियारी जा रहे थे। वे पैशन प्रो बाइक (सीजी 10 ए 7136) पर सवार थे। इसी दौरान सुबह करीब 9 बजे, सीपत से बिलासपुर की ओर जा रही हरिहर वाहन (सीजी10 बीजे 9888) का अचानक अगला टायर फट गया। टायर फटते ही वाहन चालक नियंत्रण खो बैठा और कार बेकाबू होकर ग्राम मटियारी के सरपंच सतीश केसर के घर के आंगन में जा घुसी। अनियंत्रित वाहन ने सडक़ पर चल रही बाइक को अपनी चपेट में ले लिया।
टक्कर इतनी भीषण कि उछलकर गिरे युवक
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और दोनों युवक दूर जा गिरे। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और घायलों को बाहर निकालकर तत्काल सिम्स अस्पताल बिलासपुर पहुंचाया, जहां दोनों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
पुलिस ने चालक को दबोचा, वाहन जब्त
घटना की सूचना मिलते ही सीपत पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने वाहन चालक को हिरासत में लेकर कार को जब्त कर लिया है। मामले में दुर्घटना के कारणों की गहन जांच की जा रही है।
बड़ा हादसा टला, घर में मौजूद लोग सुरक्षित
हादसे के वक्त सरपंच के घर में लोग मौजूद थे, लेकिन गनीमत रही कि कोई जनहानि नहीं हुई। यदि वाहन कुछ और दूरी तय करता तो बड़ा हादसा हो सकता था।



