छत्तीसगढ़

सीएसआर केवल जिम्मेदारी नहीं, सामाजिक परिवर्तन का सशक्त माध्यम : केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू

एनटीपीसी सीपत के 6.25 करोड़ के सीएसआर कार्यों का लोकार्पण व भूमिपूजन, प्रभावित गांवों में विकास की नई इबारत

सीपत (हिमांशु गुप्ता)। एनटीपीसी सीपत द्वारा नैगम सामाजिक दायित्व (सीएसआर) के अंतर्गत परियोजना प्रभावित ग्राम पंचायतों में लगभग 6.25 करोड़ रुपये की लागत से किए जा रहे विकास कार्यों का उद्घाटन एवं भूमिपूजन कार्यक्रम रविवार को ग्राम पंचायत कर्रा में भव्य रूप से संपन्न हुआ। कार्यक्रम ने यह संदेश दिया कि सीएसआर केवल औपचारिक जिम्मेदारी नहीं, बल्कि सामाजिक बदलाव और समग्र विकास का सशक्त माध्यम है। इस अवसर पर 4.53 करोड़ रुपये की लागत से पूर्ण हो चुके 12 विकास कार्यों का उद्घाटन, तथा 1.72 करोड़ रुपये की लागत से किए जाने वाले 4 नए विकास कार्यों का भूमिपूजन किया गया। इन कार्यों में आधारभूत संरचना विकास, तालाबों का पुनरुद्धारीकरण एवं शैक्षणिक विकास से जुड़े महत्वपूर्ण कार्य शामिल हैं। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि केंद्रीय राज्य मंत्री (आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय, भारत सरकार) एवं सांसद बिलासपुर तोखन साहू ने उद्घाटन एवं भूमिपूजन किया। विशिष्ट अतिथि के रूप में मस्तूरी विधायक दिलीप लहरिया, जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी, पूर्व विधायक डॉ. कृष्णमूर्ति बांधी तथा परियोजना प्रमुख एवं कार्यकारी निदेशक एनटीपीसी श्री विजय कृष्ण पाण्डेय की गरिमामयी उपस्थिति रही।

दलगत राजनीति से ऊपर उठकर विकास ही हमारा लक्ष्य, हर गांव को मॉडल गांव बनाना है : तोखन साहू

एनटीपीसी सीपत छत्तीसगढ़ की धरती से देश के पांच राज्यों को बिजली देकर राष्ट्र निर्माण में योगदान दे रही है। 800 मेगावाट की निर्माणाधीन परियोजना पूर्ण होने के बाद इसकी भूमिका और सशक्त होगी। हमारा लक्ष्य केवल प्रभावित गांव नहीं, बल्कि पूरा जिला आगे बढ़े—यही हमारी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि मोदी जी ने भूख मिटाने का काम किया, गरीबों के सपनों को साकार किया और हर गरीब को सम्मान के साथ जीवन देने की दिशा में केंद्र व राज्य सरकार मिलकर काम कर रही है। सीएसआर के माध्यम से हर स्कूल को मॉडल स्कूल, स्किल डेवलपमेंट को मजबूती और गांवों में स्थायी विकास हमारी साझा जिम्मेदारी है।

राखड़ की पीड़ा झेल रहे गांवों को प्राथमिकता से मिले विकास, कागजों में नहीं ज़मीन पर दिखे काम : विधायक लहरिया

मस्तूरी विधायक दिलीप लहरिया ने इसे ऐतिहासिक क्षण बताते हुए कहा कि राखड़ की धूल सहने वाले गांवों को उसी अनुपात में विकास मिलना चाहिए। सीएसआर केवल कागजों में नहीं, धरातल पर दिखना चाहिए। उन्होंने जनसुनवाई में किए गए वादों को पूरा करने, तथा 8 वर्षों से अधूरे जयरामनगर ओवरब्रिज को शीघ्र पूर्ण करने की मांग भी मंत्री जी के समक्ष रखी।

सीएसआर से बदलेगा ग्रामीण जीवन, आत्मनिर्भर भारत की ओर मस्तूरी की मजबूत चाल : राजेश सूर्यवंशी

राजेश सूर्यवंशी ने कहा कि सीएसआर से ग्रामीण जीवन में क्रांतिकारी बदलाव आएगा।।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश आत्मनिर्भर बन रहा है। मस्तूरी विधानसभा का हर गांव आर्थिक रूप से सशक्त बने—यही हमारा लक्ष्य है।

एनटीपीसी एक आदर्श संस्था, सीएसआर से व्यवस्था सशक्त करने की अपार संभावनाएं : डॉ बांधी

डॉ. कृष्णमूर्ति बांधी ने एनटीपीसी को आदर्श संस्था बताते हुए कहा कि खुटाघाट जैसे महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट में एनटीपीसी की भूमिका सराहनीय रही है। प्रभावित गांवों के साथ-साथ अन्य गांवों में भी सीएसआर कार्य किए जाएं। स्किल डेवलपमेंट कार्यक्रम हर हाल में चालू रहना चाहिए।

एनटीपीसी प्रबंधन की प्रतिबद्धता

परियोजना प्रमुख एवं कार्यकारी निदेशक विजय कृष्ण पाण्डेय ने एनटीपीसी सीपत द्वारा संचालित सीएसआर गतिविधियों की विस्तृत जानकारी साझा की और सामाजिक सरोकारों के प्रति संगठन की प्रतिबद्धता दोहराई। जनपद अध्यक्ष श्रीमती सरस्वती देवी सोनवानी ने आभार व्यक्त करते हुए कौशल विकास की आवश्यकता पर बल दिया। कर्रा सरपंच श्रीमती जयंती संजय पटेल ने जल जीवन मिशन के अधूरे कार्य शीघ्र पूर्ण करने की मांग रखी। सीपत सरपंच श्रीमती मनीषा योगेश वंशकार ने नवाडीह चौक में शौचालय हेतु भूमि उपलब्ध कराने का प्रस्ताव मंत्री जी के समक्ष रखा।

मंचासीन व उपस्थित जनप्रतिनिधि

इस अवसर पर मंच पर सहकारिता प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष तामेश्वर कौशिक, एस कुमार मनहर, अजा मोर्चा के प्रदेश महामंत्री चंद्रप्रकाश सूर्या, बलराम पाटनवार, यदुराम साहू, भाजपा जिला ग्रामीण उपाध्यक्ष राज्यवर्धन कौशिक , मंडल अध्यक्ष दीपक शर्मा , सीपत मंडल उपाध्यक्ष अभिलेश यादव, मन्नू सिंह , हरिकेश गुप्ता , तिलकराम साहू, रवीश गुप्ता, जनपद सदस्य देवेश शर्मा, परसराम ओरकेरा, जनपद सभापति मनोज खरे, डॉ. राजीवशंकर खेर, ललित यादव सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। कार्यक्रम में जनपद सदस्य रेवाशंकर साहू , सीपत सरपंच मनीषा योगेश वंशकार , रलिया सरपंच रेखा नरेंद्र सांडे , जांजी सरपंच चंद्रकली राजेंद्र पाटले , देवरी सरपंच गीता रूपचंद रात्रे, कौडिय़ां सरपंच प्रतिनिधि धनेश्वर साहू , रॉक सरपंच विक्रम प्रताप सिंह , गतौरा सरपंच मीना नरेंद्र वस्त्रकार , उच्चभ_ी सरपंच नारायण साहू , कर्रा उपसरपंच रिंकू शर्मा , बीएमएस महामंत्री सुशील सूर्यवंशी , अंकुर धर दीवान , प्रीतम राजपूत , रामकुमार केवट , सतीश गिरी , धीरेन्द्र बंजारे , पूर्व सरपंच विश्वनाथ बिंझवार , रामेश्वर धीवर व अधिकारियों में मस्तूरी एसडीएम प्रवेश पैकरा , सीपत थाना प्रभारी राजेश मिश्रा , एचआर डीजीएम सत्यकाम , एजीएम शैलेश चौहान , अजीत कुमार , जनसंपर्क अधिकारी प्रवीण रंजन भारती , रतन मिश्रा, मोहन यादव सहित बीएमएस पदाधिकारी, प्रशासनिक अधिकारी, पुलिस प्रशासन, एनटीपीसी अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामवासी मौजूद रहे।
अंत में एनटीपीसी प्रबंधन ने सभी अतिथियों, जनप्रतिनिधियों, ग्रामवासियों एवं मीडिया प्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

Related Articles

Back to top button