एनटीपीसी सीपत को मिला अनुभवी नेतृत्व, इंटक यूनियन ने नए परियोजना प्रमुख स्वपन कुमार मंडल का किया भव्य स्वागत
नई जिम्मेदारी के साथ एनटीपीसी सीपत के लिए सुनहरा भविष्य , अनुभव आधारित नेतृत्व से कर्मचारियों में बढ़ेगा मनोबल: सलीम वीरानी

सीपत (हिमांशु गुप्ता)। एनटीपीसी सीपत में नए वर्ष की शुरुआत अनुभवी नेतृत्व के साथ हुई। एनटीपीसी के मुख्य महाप्रबंधक स्वपन कुमार मंडल ने 01 जनवरी 2026 को छत्तीसगढ़ की सबसे बड़ी विद्युत उत्पादन परियोजना एनटीपीसी सीपत के परियोजना प्रमुख के रूप में औपचारिक रूप से कार्यभार ग्रहण किया। इस अवसर पर इंटक यूनियन एनटीपीसी सीपत के पदाधिकारियों ने उन्हें बुके भेंट कर गर्मजोशी से बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं। यूनियन प्रतिनिधियों ने श्री मंडल से सौहार्दपूर्ण मुलाकात कर कर्मचारी हित, औद्योगिक सौहार्द और संगठनात्मक विकास से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की।इस अवसर पर एनटीपीसी इंटक के पूर्व अध्यक्ष श्री सलीम वीरानी ने कहा कि स्वपन कुमार मंडल जैसे अनुभवी, संवेदनशील और दूरदर्शी अधिकारी का एनटीपीसी सीपत की कमान संभालना कर्मचारियों और परियोजना , दोनों के लिए शुभ संकेत है। हमें पूरा विश्वास है कि उनके नेतृत्व में एनटीपीसी सीपत नई ऊँचाइयों को छुएगा और कर्मचारी हितों को प्राथमिकता मिलेगी।
उन्होंने आगे कहा कि इंटक यूनियन हमेशा रचनात्मक सहयोग और सकारात्मक संवाद के माध्यम से प्रबंधन के साथ मिलकर संस्था की प्रगति में सहभागी रही है और आगे भी रहेगी। श्री मंडल ने भी यूनियन पदाधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि कर्मचारियों की सहभागिता और विश्वास के बिना किसी भी परियोजना की सफलता संभव नहीं है, और वे सभी के साथ मिलकर एनटीपीसी सीपत को और सशक्त बनाएंगे। बधाई देने वालों में यूनियन के कई वरिष्ठ पदाधिकारी एवं सदस्य जिनमें महासचिव ललित पगारे, कार्यकारी अध्यक्ष सुरेश धृतलहरे, सुनील भोई, ओंकार परिहार, आशीष गुप्ता, विनोद श्रीवास, प्यारेलाल बघेल, शिवपूजन यादव, संतोष निर्मलकर, नवीन कुर्रे एवं छत्रपाल पटेल शामिल रहे।


