पानी बचा तो पीढिय़ां बचेंगी, नहीं तो भविष्य होगा भयावह : कलेक्टर अग्रवाल
पुरखों ने भविष्य देखकर तालाब बनाए, अब हमें विरासत बचानी है

जल संरक्षण, नशामुक्ति और प्लास्टिक मुक्त जीवन—प्रशासन, पुलिस और एनटीपीसी की साझा अपील , कार्यक्रम को लेकर ग्रामीणों में दिखा जबरदस्त उत्साह

सीपत। तेजी से गिरते भूजल स्तर को थामने और जल संरक्षण को जनआंदोलन का स्वरूप देने के उद्देश्य से मिशन जल रक्षा के तहत एनटीपीसी सीपत के प्रभावित ग्राम कर्रा में गुरुवार को विशाल जनजागरूकता महाअभियान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बिलासपुर कलेक्टर संजय अग्रवाल, पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह एवं जिला पंचायत मुख्य कार्यपालन अधिकारी संदीप अग्रवाल की उपस्थिति ने आयोजन को प्रशासनिक, सामाजिक और नीतिगत मजबूती प्रदान की।कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन एवं छत्तीसगढ़ राजगीत के साथ हुई। स्वागत भाषण देते हुए भाजपा मंडल उपाध्यक्ष अभिलेश यादव ने कहा कि वर्ष 2020 में गठित कर्रा ग्राम ने पहले पंचवर्षीय कार्यकाल में महिला सशक्तिकरण को प्राथमिकता दी। इस बार पूरा ग्राम निर्विरोध जनप्रतिनिधियों के साथ आगे बढ़ा है। किसानों ने सामूहिक निर्णय लेकर धान छोडक़र दलहन तिलहन अपनाने का ऐतिहासिक कदम उठाया है। पूरे गांव में रबी सीजन में एक डिसमिल भी धान की खेती नहीं की गई, जो जल संरक्षण की दिशा में बड़ा उदाहरण है।
निर्विरोध प्रतिनिधि चयन लोकतंत्र की परिपक्वता का प्रमाण :कलेक्टर संजय अग्रवाल
कलेक्टर संजय अग्रवाल ने ग्रामवासियों का तालियों से अभिनंदन करते हुए कहा कि कर्रा गांव के लोगों में अद्भुत परिपक्वता है। लोकतंत्र को सफल बनाने में आपकी भूमिका बहुत बड़ी है। यदि ऐसे निर्विरोध चुनाव होने लगें तो गांव के विकास को कोई रोक नहीं सकता। विपक्ष का भी लोकतंत्र में महत्व होता है, लेकिन निर्विरोध चुनाव यह दर्शाता है कि आपसी मतभेद से ऊपर उठकर आपने गांव के विकास को प्राथमिकता दी है।उन्होंने कहा कि कर्रा के लोगों ने केवल मंच पर बात नहीं की बल्कि योजनाओं का क्रियान्वयन भी शुरू कर दिया है, जो प्रशंसनीय है। कलेक्टर ने जल संकट पर गंभीर चिंता जताते हुए कहा कि हमारा मीठा पानी समुद्र में जाकर खारा बन जाता है और अनुपयोगी हो जाता है। पानी लिमिटेड संसाधन है। जब बोर फेल होने लगते हैं, तब समझ आता है कि हालात कितने गंभीर हैं। उन्होंने कहा कि बरसाती पानी को संग्रहित करना अनिवार्य है। आने वाली पीढिय़ों को पानी मिले, इसके लिए आज जल बचाना होगा। जल स्रोतों को रिचार्ज करना पड़ेगा। जगह-जगह छोटे-छोटे बांध, तालाब और डबरी बनानी होगी। कलेक्टर ने कहा कि हमारे पुरखों ने तालाब भविष्य को देखकर बनाए थे, जबकि आज कई जगह तालाब केवल रोजगार के उद्देश्य से बन रहे हैं। आप सभी सरकार हैं। शासकीय संपत्तियों को अपनी संपत्ति समझिए। जो चीजें बिगड़ चुकी हैं, उन्हें अब रोकना है। उन्होंने राजनांदगांव की फुलवासन दीदी का उदाहरण देते हुए कहा कि सामूहिक इच्छाशक्ति से जल संरक्षण संभव है। खेती पर बोलते हुए कलेक्टर ने कहा कि ड्यूबवेल का पानी निकालकर खेती करना बहुत तकलीफदेह है। ऐसी खेती करनी होगी जिसमें पानी कम लगे। गोबर खाद की ओर लौटना होगा। बाहर के रासायनिक फर्टिलाइजर किसान को कमजोर बनाते हैं। कम पानी वाली फसलों को बढ़ावा दीजिए। उन्होंने आंकड़ों के साथ एक परिवार की पानी जरूरतों को समझाते हुए कहा कि यदि अभी नहीं चेते तो भविष्य भयावह होगा। हम सब मिलकर पानी के मामले में बिलासपुर जिले को टॉप लेवल पर ले जा सकते हैं।
नशा अपराध की जड़, सप्लायर की संपत्ति जब्त, 15 साल की होगी जेल : एसपी रजनेश सिंह
बिलासपुर पुलिस कप्तान रजनेश सिंह ने कहा कि हमारा इतिहास संघर्ष और विरोधों से भरा है, लेकिन कर्रा गांव ने एक नई मिसाल कायम की है। आप सभी सम्मान के हकदार हैं। उन्होंने कहा कि बिना जल जीवन की कल्पना असंभव है। आने वाले समय में यदि युद्ध हुए तो पानी के लिए होंगे। कर्रा गांव मेरे मस्तिष्क में बस गया है। आप आधा काम पहले से ही कर रहे हैं। एसपी ने नशे को अपराध की जड़ बताते हुए कहा कि नशे से परिवार और समाज दोनों बर्बाद होते हैं, जिससे समाज की प्रगति रुक जाती है। उन्होंने मंच से स्पष्ट कहा कि नशा सप्लायरों की संपत्ति जब्त की जा रही है और उन्हें 15 साल के लिए जेल भेजा जा रहा है। नशे को पनपने मत दीजिए। जुहली की महिलाओं द्वारा नशामुक्ति अभियान चलाने की सराहना करते हुए एसपी ने साइबर अपराध से सतर्क रहने, कानून का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई और हेलमेट पहनकर वाहन चलाने की अपील की।
प्रस्ताव नहीं, व्यवहार में उतरा प्लास्टिक मुक्त गांव , महिला आगे बढ़ी तो परिवार और समाज दोनों होंगे सशक्त : जिला सीईओ संदीप अग्रवाल
जिला पंचायत सीईओ संदीप अग्रवाल ने कहा कि ऐसे आयोजनों से समाज को एक मजबूत मंच मिलता है। कर्रा आज एक आदर्श ग्राम की तरह दिखाई दे रहा है। उन्होंने कहा कि लगातार निर्विरोध चुनाव होना यह दर्शाता है कि यहां की जनता विकास के लिए पूरी तरह कटिबद्ध है। निर्विरोध चुनाव से बड़ा विकास का प्रमाण कुछ नहीं हो सकता।महिला सशक्तिकरण पर बोलते हुए उन्होंने कहा जब महिला आगे बढ़ती है तो पूरा परिवार सशक्त और समृद्ध बनता है। प्लास्टिक मुक्त पहल की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि प्रस्ताव पास करना आसान है, लेकिन उसे जीवन में उतारना कठिन। कर्रा ने इसे व्यवहार में उतारा है। बर्तन बैंक जैसी पहल काबिले-तारीफ है।
जल ही जीवन सिर्फ नारा नहीं, कठोर सच्चाई है: एनटीपीसी कार्यकारी निदेशक स्वपन मंडल
एनटीपीसी कार्यकारी निदेशक स्वपन मंडल ने कहा कि जल ही जीवन सिर्फ नारा नहीं, बल्कि वास्तविकता है। यदि प्रदूषण और लापरवाही इसी तरह बढ़ती रही तो यह अमूल्य संसाधन समाप्त हो जाएगा। उन्होंने कहा कि जल संरक्षण नहीं हुआ तो आने वाली पीढिय़ों को गंभीर संकट का सामना करना पड़ेगा।एनटीपीसी केवल बिजली उत्पादन तक सीमित नहीं है, बल्कि पर्यावरण और जल संरक्षण के लिए पूरी तरह संकल्पित है। उन्होंने सभी से आह्वान किया कि पानी बचाइए, गांव बचाइए, भविष्य बचाइए।
कार्यक्रम का संचालन भाजपा जिला प्रवक्ता प्रणव शर्मा ने किया एवं आभार रियाज अशरफी ने व्यक्त किया। कार्यक्रम में भाजपा जिला पंचायत सदस्य अरुणा चंद्रप्रकाश सूर्या , राजेंद्र धीवर , जनपद अध्यक्ष सरस्वती सोनवानी , सहकारिता प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष तामेश्वर कौशिक , भाजपा जिला उपाध्यक्ष राज्यवर्धन कौशिक , मंडल अध्यक्ष दीपक शर्मा , रवीश गुप्ता , जिला प्रवक्ता प्रणव शर्मा , उपाध्यक्ष अभिलेश यादव , रियाज अशरफी , कर्रा सरपंच श्रीमती जयंती संजय पटेल , जनपद सदस्य श्रीमती अनिता विजय गुप्ता , रेवाशंकर साहू , देव सिंह पोरते, देवेश शर्मा , उषा कैवर्त, सीपत सरपंच श्रीमती मनीषा योगेश वंशकार , राजेंद्र पाटले , धनेश्वर राठौर , धनलाल साहू , रिंकू शर्मा , हरिकेश गुप्ता , ललित यादव , वैभव तंबोली , हीरालाल यादव , आनंद दोरस , कुलदीप यादव , शुभम यादव , अधिकारियों में मस्तूरी एसडीएम प्रवेश पैकरा , तहसीलदार सोनू अग्रवाल , एनटीपीसी एचआर एजीएम सत्यकाम , डीजीएम शैलेश चौहान , मोहन यादव , पंचायत सचिव राकेश डोंगरे , मनरेगा अधिकारी रुचि विश्वकर्मा , कृषि अधिकारी स्नेहा पाल उपस्थित रहे।
78 वर्षीय दादूराम साहू बने सडक़ सुरक्षा की मिसाल
झलमला निवासी 78 वर्षीय दादूराम साहू को सडक़ सुरक्षा के प्रति अनुकरणीय जागरूकता के लिए कलेक्टर संजय अग्रवाल द्वारा प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। दादूराम साहू की खास बात यह है कि वे घर से साइकिल हो या दोपहिया वाहन, हेलमेट लगाए बिना कभी बाहर नहीं निकलते।कार्यक्रम के दौरान जब कलेक्टर ने मंच से दादूराम साहू को सम्मानित किया, तब पूरे पंडाल ने तालियों की गूंज के साथ उनका अभिनंदन किया। सम्मान ग्रहण करते हुए दादूराम साहू ने सरल लेकिन गहरे शब्दों में कहा कि जान है तो जहान है। उम्र चाहे जितनी हो, सडक़ पर सुरक्षा सबसे जरूरी है। हेलमेट पहनने से जान बचती है, इसलिए मैं किसी को भी बिना हेलमेट निकलने नहीं देता। उन्होंने युवाओं से अपील की कि फैशन या जल्दबाजी के कारण अपनी जान जोखिम में न डालें। उनका कहना था कि एक छोटी सी आदत पूरे परिवार को दुख से बचा सकती है। कलेक्टर ने भी दादूराम साहू की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे नागरिक समाज के लिए प्रेरणास्रोत होते हैं और इनसे सीख लेकर सडक़ दुर्घटनाओं को काफी हद तक रोका जा सकता है।
सीपत सरपंच मनीषा योगेश वंशकार ने विकास से जुड़े मुद्दों पर कलेक्टर को सौंपा विस्तृत ज्ञापन
कार्यक्रम के दौरान सीपत सरपंच श्रीमती मनीषा योगेश वंशकार ने कलेक्टर संजय अग्रवाल को सीपत क्षेत्र की जनसमस्याओं एवं विकास आवश्यकताओं को लेकर विस्तृत ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में उन्होंने प्रमुख रूप से सीपत में जल जीवन मिशन के अधूरे कार्यों को शीघ्र पूर्ण कराने, ताकि हर घर तक स्वच्छ पेयजल पहुंच सके। स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय, सीपत में तीन किचन शेड के निर्माण, जिससे मध्यान्ह भोजन योजना को व्यवस्थित एवं स्वच्छ रूप से संचालित किया जा सके। शासकीय मदनलाल शुक्ल महाविद्यालय परिसर के पास सार्वजनिक सुलभ शौचालय हेतु भूमि उपलब्ध कराने, ताकि छात्र छात्राओं और आम नागरिकों को सुविधा मिल सके। सरपंच वंशकार ने बताया कि सीपत तेजी से विकसित हो रहा क्षेत्र है, लेकिन बुनियादी सुविधाओं के अभाव में आमजन को परेशानी का सामना करना पड़ता है। उन्होंने विश्वास जताया कि जिला प्रशासन के सहयोग से इन मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लिया जाएगा। कलेक्टर संजय अग्रवाल ने ज्ञापन को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों को परीक्षण एवं आवश्यक कार्रवाई के निर्देश देने का आश्वासन दिया। वहीं सीपत व्यापारी संघ ने मुख्य मार्ग पर ट्रिपल ब्रेकर हटाकर सिंगल ब्रेकर बनाने की मांग रखी।



