छत्तीसगढ़

सखी बैंक के नाम पर 13 साल से ठगी, महिला एजेंट गिरफ्तार

महिला समूहों की मेहनत की कमाई से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा : थाना प्रभारी राजेश मिश्रा

महिला समूहों से हर माह वसूली, 3.13 लाख रुपये की धोखाधड़ी उजागर , पासबुक रजिस्टर-जमा पर्ची जब्त, सीपत पुलिस की त्वरित कार्रवाई

सीपत (हिमांशु गुप्ता)। सखी बैंक में पैसा जमा कराने के नाम पर गांव की महिलाओं से वर्षों तक धोखाधड़ी करने वाली महिला एजेंट को सीपत पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी महिला ने स्व-सहायता समूह बनाकर महिलाओं से नियमित रूप से राशि वसूली, लेकिन रकम बैंक में जमा न कर खुद हड़पती रही। प्रार्थिया पार्वती केशरवानी पति शिवकुमार केसरवानी 35 वर्ष , निवासी ग्राम देवरी, थाना सीपत ने थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में बताया गया कि सखी क्रेडिट सहकारी समिति मर्यादित (सखी बैंक) मस्तुरी की एजेंट आरती देवी जांगड़े तथा सीईओ हेमलता साहू के द्वारा वर्ष 2012 से 2025 तक हर माह महिला समूहों से राशि जमा कराई गई, लेकिन बैंक में जमा न कर कुल 3,13,883 रुपये की धोखाधड़ी की गई।

मामले को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी सीपत राजेश मिश्रा के नेतृत्व में टीम गठित की गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी आरती देवी जांगड़े पति रामप्रसाद जांगड़े 37 वर्ष , निवासी ग्राम देवरी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार किया। आरोपी से सखी बैंक की पासबुक , जमा-निकासी पर्ची , हिसाब-किताब का आवक-जावक रजिस्टर सामग्री जब्त कर लिया गया है।पुलिस ने दस्तावेज जब्त कर आरोपी को 07 जनवरी 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया। इस कार्रवाई में एएसआई धर्मेंद्र यादव एवं महिला आरक्षक प्रीतिदास की भूमिका सराहनीय रही। थाना प्रभारी राजेश मिश्रा ने बताया कि महिला समूहों और आम लोगों की गाढ़ी कमाई से धोखाधड़ी करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे अपराधों पर पुलिस की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Related Articles

Back to top button