सीपत की बुनियादी जरूरतों को लेकर सरपंच वंशकार ने दिया कलेक्टर को ज्ञापन
जल जीवन मिशन अधूरा, स्कूलों में किचन शेड का अभाव और सार्वजनिक शौचालय के लिए भूमि की मांग

सीपत (हिमांशु गुप्ता)। ग्राम पंचायत सीपत की सरपंच मनीषा योगेश वंशकार ने गांव की प्रमुख जनसमस्याओं को लेकर गत मंगलवार को बिलासपुर कलेक्टर संजय अग्रवाल को एक संयुक्त ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में प्रधानमंत्री जल जीवन मिशन के अधूरे कार्य को शीघ्र पूर्ण कराने, स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय में किचन शेड निर्माण तथा शा. मदनलाल शुक्ल महाविद्यालय परिसर में सार्वजनिक सुलभ शौचालय हेतु भूमि उपलब्ध कराने की मांग की गई है। ज्ञापन में बताया गया कि पिछले वर्ष भू-जल स्तर गिरने के कारण सीपत में हैंडपंप सूख गए थे, जिसके चलते 8 से 16 वार्डों में टैंकरों के माध्यम से पानी की आपूर्ति करनी पड़ी। इससे ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
इस वर्ष ऐसी स्थिति न बने, इसके लिए प्रधानमंत्री जल जीवन मिशन के अंतर्गत टंकी निर्माण तो हो चुका है, लेकिन बोर खनन एवं पाइपलाइन का कार्य अब तक अधूरा है, जिसे शीघ्र पूरा कराया जाना आवश्यक है। इसी तरह, स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय सीपत में मध्यान्ह भोजन योजना तीन समितियों द्वारा संचालित की जा रही है, लेकिन स्कूल में किचन शेड की सुविधा नहीं है। भोजन घर से बनाकर ऑटो के माध्यम से लाया जाता है, जिससे गरम भोजन से दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। सरपंच ने विद्यालय परिसर में तीन किचन शेड निर्माण की मांग की है। तीसरे विषय में बताया गया कि ग्राम पंचायत सीपत के हृदय स्थल वीर शहीद विनोद सिंह कौशिक चौक पर यात्रियों, व्यापारियों और आम नागरिकों की आवाजाही लगातार बढ़ रही है। यहां सार्वजनिक सुलभ शौचालय की अत्यंत आवश्यकता है। पंचायत द्वारा निर्माण की सहमति दी जा चुकी है, किंतु भूमि उपलब्ध न होने से कार्य अटका हुआ है। इसके लिए शासकीय मदनलाल शुक्ल महाविद्यालय अहाता में 30म35 वर्गफुट भूमि उपलब्ध कराने का आग्रह किया गया है। सरपंच मनीषा योगेश वंशकार ने कहा कि सीपत की ये तीनों समस्याएं सीधे आमजन से जुड़ी हुई हैं। जल जीवन मिशन का कार्य पूरा होना, बच्चों के लिए सुरक्षित मध्यान्ह भोजन व्यवस्था और सार्वजनिक शौचालय जैसी बुनियादी सुविधाएं गांव की प्राथमिक जरूरत हैं। हमें विश्वास है कि कलेक्टर महोदय इन विषयों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेकर जनता को राहत देंगे।



