शुक्ल कॉलेज में मतदाता जागरूकता की गूंज, युवाओं ने सीखा लोकतंत्र मजबूत करने का दायित्व
एसआईआर. 2026 (दावा-आपत्ति) चरण में शासकीय मदनलाल शुक्ल पीजी कॉलेज सीपत में विद्यार्थियों को मतदाता सूची, फार्म 06, 08 व 06बी की दी गई जानकारी

सीपत (हिमांशु गुप्ता)। लोकतंत्र में युवाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से शासकीय मदनलाल शुक्ल स्नातकोत्तर महाविद्यालय सीपत में गुरुवार को एस.आई.आर. 2026 (दावा-आपत्ति) चरण के अंतर्गत मतदाता जागरूकता हेतु विशेष शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में 18 वर्ष पूर्ण कर चुके छात्र-छात्राओं के साथ महाविद्यालय के अधिकारी एवं कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ऐसे पात्र मतदाताओं को जागरूक करना रहा, जिनके नाम प्रारूप मतदाता सूची में सम्मिलित नहीं हो पाए हैं तथा 01 जनवरी 2026 की स्थिति में 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके युवाओं के नाम मतदाता सूची में जोडऩे हेतु फार्म 06 के माध्यम से आवेदन की प्रक्रिया की जानकारी देना रहा।

इस अवसर पर डॉ. मुरलीधर स्वर्णकार ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि मजबूत लोकतंत्र की आधारशिला जागरूक मतदाता होते हैं, इसलिए प्रत्येक युवा को अपने अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों के प्रति भी सजग रहना चाहिए। वहीं डॉ. रघुनंदन पटेल (गणित) ने छात्र-छात्राओं को अपने मत के महत्व को समझने और निर्वाचन आयोग के मोबाइल ऐप एवं सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से जुडऩे के लिए प्रेरित किया। श्री जीवन प्रभाकर गोरे, सहायक प्राध्यापक (वाणिज्य) ने फार्म 06 भरने की संपूर्ण प्रक्रिया को सरल भाषा में समझाया, जबकि डॉ. हेमपुष्पा नायक ने फार्म 08 के माध्यम से मतदाता सूची में संशोधन की प्रक्रिया की जानकारी दी। श्री भूपेन्द्र देवांगन ने फार्म 06बी के अंतर्गत आधार को मतदाता पहचान पत्र से लिंक करने की प्रक्रिया को विस्तार से बताया।महाविद्यालय की स्वीप नोडल अधिकारी डॉ. शुभ्रा मिश्रा ने एस.आई.आर. 2026 के अंतर्गत प्रकाशित प्रारूप सूची से संबंधित विद्यार्थियों के प्रश्नों का समाधान किया तथा जिन छात्र-छात्राओं ने अब तक फार्म 06 नहीं भरा था, उन्हें मौके पर ही फार्म उपलब्ध कराकर भरवाया गया। कार्यक्रम का संचालन श्री शत्रुहन घृतलहरे (एन.एस.एस. प्रभारी) ने किया। उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि वे न केवल अपना बल्कि अपने परिवार के सभी पात्र सदस्यों का नाम मतदाता सूची में सही एवं पूर्ण रूप से दर्ज कराने की जिम्मेदारी निभाएं।इस अवसर पर श्रीमती नीना वखारिया, डॉ. तृप्ति शुक्ला, डॉ. पूजा यादव, श्री दीपेश जोशी, श्री धनंजय टंडन, श्री विमल तिवारी सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।



