छत्तीसगढ़

सीपत विद्युत मंडल की सख्त कार्रवाई से मचा हडक़ंप, 662 बकायादारों के कटे कनेक्शन, अवैध उपयोग पर 11 लाख से अधिक की वसूली

बिजली चोरी व बकाया पर अब कोई रियायत नहीं, नियम तोडऩे वालों पर होगी कठोर कार्रवाई : कौशल जायसवाल

सीपत (हिमांशु गुप्ता)। सीपत विद्युत मंडल विभाग ने बकाया राशि और अवैध विद्युत उपयोग के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी और सख़्त कार्रवाई करते हुए क्षेत्र में हडक़ंप मचा दिया है। विभाग द्वारा व्यापक अभियान चलाकर 662 बकाया उपभोक्ताओं के विद्युत कनेक्शन काटे गए, वहीं 102 बड़े बकायादार उपभोक्ताओं से 11 लाख रुपये से अधिक की वसूली कर राजस्व में उल्लेखनीय बढ़ोतरी की गई है। इस अभियान के दौरान यह भी सामने आया कि कई उपभोक्ता कनेक्शन कटने के बावजूद अवैध रूप से बिजली का उपयोग कर रहे थे।
ऐसे मामलों में विद्युत विभाग ने विद्युत अधिनियम 2003 की धारा 138 के तहत सख़्त कानूनी कार्रवाई की, जिसके परिणामस्वरूप 11 लाख रुपये से अधिक की वसूली की गई। विभागीय कार्रवाई के दायरे में गुड़ी, झलमला, कौडिय़ा, मोहरा, कुली आवास पारा सहित आसपास के ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्र शामिल रहे। टीम द्वारा घर-घर जांच कर बकायादारों और अवैध उपभोक्ताओं को चिन्हित किया गया।

एई कौशल जायसवाल का सख्त संदेश

सीपत विद्युत विभाग के सहायक अभियंता (एई) कौशल जायसवाल ने स्पष्ट शब्दों में कहा है कि बिजली विभाग की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी। बकाया राशि जमा नहीं करने वालों और अवैध कनेक्शन से बिजली उपयोग करने वालों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा। नियम तोडऩे वालों पर कानून के अनुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने उपभोक्ताओं से अपील करते हुए कहा कि समय पर बकाया राशि जमा कर विभागीय कार्रवाई से बचें और वैध कनेक्शन के माध्यम से ही बिजली का उपयोग करें।

अभियान से बढ़ा विभागीय अनुशासन

विद्युत मंडल की इस निर्णायक कार्रवाई से न सिर्फ राजस्व में बढ़ोतरी हुई है, बल्कि क्षेत्र में बिजली चोरी और बकाया को लेकर कड़ा संदेश भी गया है। विभागीय सूत्रों के अनुसार आने वाले दिनों में और भी सघन जांच अभियान चलाया जाएगा। सीपत विद्युत मंडल की यह सख़्त कार्रवाई उपभोक्ताओं के लिए स्पष्ट चेतावनी है—अब लापरवाही नहीं, नियमों का पालन ज़रूरी।

Related Articles

Back to top button