सुनील आईएएस एकेडमी सीपत के विद्यार्थियों का शैक्षणिक भ्रमण, ऐतिहासिक और धार्मिक स्थलों से मिला व्यावहारिक ज्ञान
औरापानी कोटा व रतनपुर महामाया मंदिर का किया अध्ययन भ्रमण, शिक्षकों के मार्गदर्शन में विद्यार्थियों ने सीखी संस्कृति और इतिहास की बारीकियां

सीपत (हिमांशु गुप्ता)। सुनील आईएएस एकेडमी सीपत द्वारा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को ध्यान में रखते हुए एक विशेष शैक्षणिक भ्रमण का आयोजन किया गया। इस भ्रमण के अंतर्गत एकेडमी के विद्यार्थियों को ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थल औरापानी कोटा तथा रतनपुर स्थित महामाया मंदिर ले जाया गया। भ्रमण का उद्देश्य विद्यार्थियों को पुस्तकीय ज्ञान के साथ साथ व्यावहारिक अनुभव प्रदान करना रहा। औरापानी कोटा में विद्यार्थियों को क्षेत्र के ऐतिहासिक महत्व, भौगोलिक संरचना और स्थानीय परंपराओं की जानकारी दी गई, वहीं रतनपुर महामाया मंदिर में छत्तीसगढ़ की धार्मिक, सांस्कृतिक विरासत से उन्हें रूबरू कराया गया। विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह के साथ भ्रमण में भाग लिया और विभिन्न विषयों से जुड़े तथ्यों को प्रत्यक्ष रूप से समझा।

भ्रमण के दौरान एकेडमी के शिक्षक उमेश सर, धनंजय सर, नूतन साव सहित अन्य शिक्षकगण उपस्थित रहे। शिक्षकों ने प्रत्येक स्थल पर विद्यार्थियों को विस्तार से जानकारी दी और उनके प्रश्नों के उत्तर देकर जिज्ञासा को और बढ़ाया। इस अवसर पर एकेडमी के संचालक सुनील निर्मलकर ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी केवल कक्षा तक सीमित नहीं होनी चाहिए। ऐसे शैक्षणिक भ्रमण विद्यार्थियों के दृष्टिकोण को व्यापक बनाते हैं और इतिहास, संस्कृति व समाज को समझने में मदद करते हैं। हमारा प्रयास है कि विद्यार्थी किताबी ज्ञान के साथ-साथ व्यावहारिक अनुभव भी प्राप्त करें। भ्रमण के सफल आयोजन पर विद्यार्थियों ने खुशी जाहिर की और इसे यादगार अनुभव बताया। एकेडमी प्रबंधन ने भविष्य में भी इस प्रकार के शैक्षणिक एवं प्रेरणादायक कार्यक्रम आयोजित करने की बात कही।


