छत्तीसगढ़

सीपत महाविद्यालय के वार्षिक उत्सव को मिली बड़ी स्वीकृति , उच्च शिक्षा मंत्री टंकराम वर्मा 8 से 15 फरवरी के बीच होंगे शामिल

स्नेह सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में आने पर दी सहमति, महाविद्यालय परिवार और विद्यार्थियों में उत्साह

सीपत (हिमांशु गुप्ता)। शासकीय मदनलाल शुक्ल स्नातकोत्तर महाविद्यालय सीपत के लिए यह अत्यंत गौरवपूर्ण और ऐतिहासिक क्षण है। महाविद्यालय द्वारा आयोजित वार्षिक उत्सव स्नेह सम्मेलन को लेकर छत्तीसगढ़ शासन के माननीय उच्च शिक्षा मंत्री टंकराम वर्मा ने कार्यक्रम में शामिल होने की आधिकारिक स्वीकृति प्रदान करते हुए 8 से 15 फरवरी के बीच किसी एक तिथि को उपस्थित रहने की सहमति दी है। मंत्री की स्वीकृति से महाविद्यालय परिसर में हर्ष और उत्साह का माहौल है। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद, सीपत के प्रतिनिधिमंडल द्वारा मंत्री श्री वर्मा को स्नेह सम्मेलन का आमंत्रण पत्र सौंपा गया था।


इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने महाविद्यालय की शैक्षणिक , सांस्कृतिक एवं सामाजिक गतिविधियों की जानकारी देते हुए कार्यक्रम को विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास से जुड़ा महत्वपूर्ण आयोजन बताया। उच्च शिक्षामंत्री टंकराम वर्मा ने आमंत्रण स्वीकार करते हुए कहा कि महाविद्यालयों में इस प्रकार के वार्षिक उत्सव विद्यार्थियों की प्रतिभा को निखारने के साथ साथ उनमें आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता विकसित करते हैं। उन्होंने 8 से 15 फरवरी के मध्य किसी उपयुक्त तिथि पर स्नेह सम्मेलन में शामिल होने की सहमति प्रदान की तथा आयोजन के लिए महाविद्यालय परिवार को अग्रिम शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश महामंत्री चंद्रप्रकाश सूर्या, वैभव तंबोली, सोनू निर्मलकर, मिथलेश श्रीवास एवं प्रशांत यादव विशेष रूप से उपस्थित रहे। सभी ने मंत्री श्री वर्मा का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी उपस्थिति से स्नेह सम्मेलन की गरिमा राष्ट्रीय स्तर तक बढ़ेगी और विद्यार्थियों को मार्गदर्शन प्राप्त होगा। उच्च शिक्षा मंत्री की स्वीकृति के बाद महाविद्यालय प्रशासन, प्राध्यापकों एवं छात्र-छात्राओं में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है। स्नेह सम्मेलन को भव्य और ऐतिहासिक बनाने के लिए तैयारियां तेज़ कर दी गई हैं।

Related Articles

Back to top button