छत्तीसगढ़

खेल युवाओं को जोड़ता है, अनुशासन और भाईचारे की मिसाल है क्रिकेट : अरविंद लहरिया

ड्रीम इंडिया क्लब लुतरा द्वारा आयोजित क्रिकेट प्रतियोगिता का भव्य समापन , दबंग बलौदा की टीम बनी चैंपियन

सीपत (हिमांशु गुप्ता)। ड्रीम इंडिया क्लब लुतरा के तत्वावधान में आयोजित क्रिकेट प्रतियोगिता का समापन समारोह हर्षोल्लास और गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। समापन अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में मस्तूरी विधायक दिलीप लहरिया के सुपुत्र एवं कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग के प्रदेश संयोजक अरविंद लहरिया विशेष रूप से उपस्थित रहे। अरविंद लहरिया ने लुतरा पहुंचकर सर्वप्रथम बाबा की दरगाह में चादर चढ़ाकर मत्था टेका और क्षेत्रवासियों की सुख-समृद्धि, शांति और आपसी भाईचारे की कामना की। इसके पश्चात वे क्रिकेट प्रतियोगिता के समापन समारोह में शामिल हुए और खिलाडिय़ों और दर्शकों ने उनका आत्मीय स्वागत किया।

खेल से बनता है मजबूत समाज — अरविंद लहरिया

समारोह को संबोधित करते हुए अरविंद लहरिया ने कहा कि खेल केवल मनोरंजन नहीं, बल्कि युवाओं के व्यक्तित्व निर्माण का सशक्त माध्यम है।क्रिकेट जैसे खेल अनुशासन, टीम भावना और भाईचारे का संदेश देते हैं। ऐसे आयोजनों से गांव-गांव में प्रतिभाएं निखरती हैं और समाज एक सूत्र में बंधता है। उन्होंने खिलाडिय़ों की सराहना करते हुए कहा कि हार जीत से ऊपर उठकर खेल भावना के साथ खेलना ही सच्ची जीत है। साथ ही आयोजकों को सफल प्रतियोगिता के लिए बधाई दी।

विशिष्ट अतिथियों ने बढ़ाया खिलाडिय़ों का उत्साह

विशिष्ट अतिथि व्यापारी संघ तोरवा, बिलासपुर के अध्यक्ष इकबाल हक ने अपने उद्बोधन में कहा कि ग्रामीण स्तर पर इस तरह के आयोजन युवाओं को सकारात्मक दिशा देते हैं। ड्रीम इंडिया क्लब लुतरा ने खेल के माध्यम से आपसी सौहार्द और एकता की शानदार मिसाल पेश की है। वहीं सरपंच चंद्रमणि मरावी ने कहा कि लुतरा में इस तरह के आयोजन गांव की पहचान को नई ऊंचाई देते हैं। युवाओं को खेल से जोडऩा भविष्य को मजबूत करने जैसा है। क्रिकेट प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए दबंग बलौदा टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। नरगोड़ा टीम द्वितीय स्थान पर रही। उसलापुर टीम तृतीय स्थान व खम्हरिया टीम ने चतुर्थ स्थान हासिल किया। विजेता और उपविजेता टीमों को अतिथियों के हाथों पुरस्कार व ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि व्यापारी संघ अध्यक्ष इकबाल हक, सरपंच चंद्रमणि मरावी, पंचायत सचिव देवकुमार ठाकुर, लक्ष्मी साहू, दरगाह खादिम शेर मोहम्मद, बब्बू गुरुजी, मुस्लिम जमात लुतरा के सचिव गफ्फार साहब, परसराम कैवर्त, प्रमोद शर्मा, माल चाचा, पंच नईम खान, अलाउद्दीन, कार्तिक मरावी, पुष्कर मरावी तथा कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग सीपत के अध्यक्ष राजा खान सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक व खेल प्रेमी उपस्थित रहे। आयोजन को सफल बनाने में ड्रीम इंडिया क्लब लुतरा के अध्यक्ष इस्माइल खान एवं क्लब के सभी सदस्यों का विशेष योगदान रहा। अतिथियों ने क्लब की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे आयोजन करने के लिए शुभकामनाएं दीं। कुल मिलाकर यह आयोजन खेल, सामाजिक समरसता और युवाओं के उत्साह का शानदार संगम साबित हुआ, जिसमें अरविंद लहरिया की सक्रिय सहभागिता और प्रेरक विचार समारोह का मुख्य आकर्षण रहे।

Related Articles

Back to top button