छत्तीसगढ़

खेल अनुशासन, आत्मविश्वास और उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव हैं : प्राचार्या सरिता यादव

स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय सीपत में दो दिवसीय वार्षिक खेल महोत्सव का भव्य आयोजन , विभिन्न स्पर्धाओं में छात्रों ने दिखाई प्रतिभा

सीपत (हिमांशु गुप्ता)। स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट हिंदी/अंग्रेजी माध्यम विद्यालय सीपत में दिनांक 23 जनवरी एवं 24 जनवरी 2026 को दो दिवसीय वार्षिक खेल महोत्सव का भव्य, अनुशासित एवं उत्साहपूर्ण आयोजन किया गया। खेल महोत्सव में विद्यालय के कक्षा 1 से 12वीं तक के विद्यार्थियों ने पूरे जोश, उमंग और खेल भावना के साथ बढ़-चढक़र भाग लिया। आयोजन एवं विभिन्न स्पर्धाओं में सेजेस सीपत के विद्यार्थियों ने दिखाई अद्भुत प्रतिभा वार्षिक खेल महोत्सव के दौरान बैग पैक रेस, रिले रेस, 100 मीटर एवं 200 मीटर दौड़, शतरंज (चेस), कैरम, खो-खो, कबड्डी, क्रिकेट तथा कुर्सी दौड़ जैसी विविध एवं रोचक खेल स्पर्धाओं का आयोजन किया गया। सभी प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने अनुशासन, टीम भावना, आपसी सौहार्द और खेल भावना का परिचय देते हुए शानदार प्रदर्शन किया। खेल मैदान पूरे दो दिनों तक उत्साह और ऊर्जा से सराबोर रहा। संपूर्ण खेल आयोजन विद्यालय के व्यायाम शिक्षक श्री के.पी. कश्यप एवं श्री सौरभ जयसवाल के कुशल निर्देशन, सतत निरीक्षण एवं सुव्यवस्थित प्रबंधन में संपन्न हुआ। उनके मार्गदर्शन में प्रत्येक प्रतियोगिता समयबद्ध, सुरक्षित एवं अनुशासित ढंग से आयोजित की गई।

नेतृत्व की पहली पहल, खेलों से गढ़ा अनुशासन और आत्मविश्वास: सरिता यादव

स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट हिंदी/अंग्रेजी माध्यम विद्यालय सीपत की प्राचार्या के रूप में पदभार ग्रहण करने के बाद प्राचार्या श्रीमती सरिता यादव के दिशा-निर्देश एवं कुशल नेतृत्व में पहली बार वार्षिक खेल महोत्सव का आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। यह आयोजन न केवल खेल गतिविधियों तक सीमित रहा, बल्कि विद्यालय में अनुशासन, सकारात्मक ऊर्जा और समग्र विकास की नई दिशा का सशक्त उदाहरण बना। प्राचार्या सरिता यादव ने अपने संबोधन में कहा कि विद्यालय का उद्देश्य केवल शैक्षणिक उत्कृष्टता तक सीमित नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों के शारीरिक, मानसिक और नैतिक विकास को समान रूप से आगे बढ़ाना है। खेल बच्चों में नेतृत्व, आत्मसंयम, सहयोग और संघर्ष की क्षमता विकसित करते हैं। यह खेल महोत्सव उसी सोच का प्रतिफल है। उन्होंने आगे कहा कि खेलों के माध्यम से विद्यार्थियों में आत्मविश्वास जागृत होता है, जिससे वे भविष्य की चुनौतियों का सामना पूरे साहस और दृढ़ता के साथ कर पाते हैं। प्राचार्या ने सभी विद्यार्थियों की सक्रिय सहभागिता की प्रशंसा करते हुए कहा कि सेजेस सीपत के विद्यार्थियों ने खेल मैदान में अनुशासन और खेल भावना का उत्कृष्ट परिचय दिया, जो विद्यालय की संस्कारपूर्ण शिक्षा प्रणाली को दर्शाता है। उन्होंने खेल आयोजन को सफल बनाने के लिए व्यायाम शिक्षकों, समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं विद्यालय परिवार के सामूहिक प्रयासों की सराहना करते हुए विश्वास जताया कि आने वाले समय में विद्यालय शिक्षा के साथ-साथ खेल, सांस्कृतिक एवं नवाचार गतिविधियों में भी नई ऊँचाइयाँ हासिल करेगा।

शिक्षक-शिक्षिकाओं का रहा सराहनीय योगदान

दो दिवसीय खेल महोत्सव को सफल बनाने में विद्यालय के समस्त शिक्षक शिक्षिकाओं का सराहनीय योगदान रहा। इसमें विशेष रूप से वरिष्ठ व्याख्याता संतोष सिंह, लोभेराम साहू, आर.एल. दिवाकर, बृजेंद्र तिवारी, रेखा कौशिक, मंजू मिश्रा, शारदा यादव, संध्या यादव, शशि वर्मा, अवस्थी मैडम, अनीता शुक्ला, ऋचा तिवारी, रजनी शर्मा, शची श्रीवास, सोनम साहू, शिवांगी चंद्राकर, देवेंद्र पात्रे, नवीन रजक, शालिनी मिश्रा, निहाल सोनी, खुशबू सूर्यवंशी, अंकिता दुबे, विनीता शर्मा, स्वाति सिंह, अर्पिता मंडल, सृष्टि पाण्डेय, रागिनी पटेल, निधि शर्मा, रश्मि सिंह, रिया अग्रवाल, श्रेजल उईके, नीलम सूर्यवंशी, विकाश नायक, शशांक बघेल, एंजेलीना मसीह एवं धीरज गुप्ता सहित सभी शिक्षकों की सक्रिय सहभागिता उल्लेखनीय रही।

समापन पर विद्यार्थियों में दिखा उत्साह और गर्व

वार्षिक खेल महोत्सव के समापन पर विद्यार्थियों के चेहरों पर आत्मविश्वास, उपलब्धि और खुशी की चमक स्पष्ट दिखाई दी। यह आयोजन न केवल खेल प्रतिभा को मंच देने वाला रहा, बल्कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास की दिशा में एक प्रेरणादायी पहल सिद्ध हुआ।

Related Articles

Back to top button