शहीद दिवस पर सीपत में मनरेगा और धान खरीदी को लेकर सांकेतिक चक्काजाम कल
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी का ऐलान; मजदूरों के रोजगार और किसानों की पूर्ण धान खरीदी की मांग को लेकर नवाडीह चौक में धरना

सीपत (हिमांशु गुप्ता)। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के शहादत दिवस 30 जनवरी के अवसर पर सीपत में जनहित से जुड़े मुद्दों को लेकर सांकेतिक चक्काजाम एवं धरना कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम का आयोजन नवाडीह चौक, सीपत में सुबह 11 बजे से किया जाएगा। यह जानकारी ब्लॉक कांग्रेस कमेटी सीपत के अध्यक्ष राजेंद्र धीवर ने दी। आयोजकों के अनुसार यह कार्यक्रम मनरेगा योजना को मजबूत बनाए रखने, मजदूरों को रोजगार की गारंटी सुनिश्चित करने तथा किसानों की धान की पूर्ण खरीदी और खरीदी अवधि बढ़ाने की मांग को लेकर किया जा रहा है।
कार्यक्रम को गांधीजी के संघर्ष और विचारों से जोड़ते हुए इसे लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण विरोध के रूप में आयोजित करने की बात कही गई है।ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने आरोप लगाया है कि वर्तमान नीतियों के कारण ग्रामीण मजदूरों और किसानों को कई तरह की कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
इसी संदर्भ में शहादत दिवस पर यह सांकेतिक आंदोलन आयोजित कर जनभावनाओं को प्रशासन और सरकार तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष राजेंद्र धीवर ने कहा कि महात्मा गांधी ने हमेशा गरीब, किसान और मजदूरों की आवाज़ को प्राथमिकता दी। उनके शहादत दिवस पर हम यह संकल्प लेते हैं कि मनरेगा को कमजोर करने की किसी भी कोशिश के खिलाफ आवाज़ बुलंद करेंगे। साथ ही किसानों की पूरी धान खरीदी और खरीदी अवधि बढ़ाने की मांग को लेकर लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष जारी रहेगा। यह आंदोलन जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए है।
उन्होंने कांग्रेस पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, कार्यकर्ताओं, किसान साथियों, मजदूरों और आम नागरिकों से कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की है। आयोजन को लेकर क्षेत्र में राजनीतिक और सामाजिक हलचल तेज हो गई है। कार्यक्रम के दौरान शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांगें रखने की बात आयोजकों द्वारा कही गई है।



