छत्तीसगढ़

बिजली सिर्फ सुविधा नहीं, विकास की रीढ़ है – हर घर तक सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण विद्युत हमारी प्राथमिकता : सुशांत शुक्ला

छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत वितरण कंपनी के रजत महोत्सव पर सीपत में विशेष कार्यक्रम

उपलब्धियों के साथ भविष्य की योजनाओं की झलक ऊर्जा संरक्षण, विद्युत सुरक्षा और डिजिटल बिल भुगतान पर दिया गया जोर

सीपत (हिमांशु गुप्ता)। छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत वितरण कंपनी के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में पूरे प्रदेश में रजत महोत्सव मनाया जा रहा है। इसी कड़ी में शुक्रवार को विद्युत विभाग सीपत द्वारा एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विभागीय अधिकारियों, कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों एवं बड़ी संख्या में उपभोक्ताओं की सहभागिता रही।
आयोजन के माध्यम से विद्युत सुरक्षा, ऊर्जा संरक्षण तथा बिल भुगतान की डिजिटल सुविधाओं को लेकर जनजागरूकता संदेश भी प्रसारित किए गए। कार्यक्रम में विभाग की 25 वर्षों की उपलब्धियों पर विस्तार से प्रकाश डाला गया। ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में विद्युत विस्तार, सेवा प्रणाली में सुधार, लाइन लॉस में कमी, तकनीकी उन्नयन तथा उपभोक्ता सुविधाओं में हुए सकारात्मक बदलावों की जानकारी दी गई। सेजेस के विद्यार्थियों सहित ग्रामीणों को सोलर पैनल की उपयोगिता एवं भविष्य में अक्षय ऊर्जा की भूमिका के बारे में भी बताया गया।

हर घर सुरक्षित और निर्बाध बिजली पहुंचाना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता : विधायक शुक्ला

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला ने कहा कि छत्तीसगढ़ के विकास में विद्युत विभाग की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण रही है। उन्होंने कहा कि राज्य गठन के बाद से बिजली व्यवस्था में अभूतपूर्व सुधार हुआ है और अब लक्ष्य केवल कनेक्शन देना नहीं, बल्कि सुरक्षित, निर्बाध और गुणवत्तापूर्ण विद्युत सेवा सुनिश्चित करना है। उन्होंने डिजिटल बिल भुगतान, स्मार्ट उपभोक्ता सेवाओं और ऊर्जा संरक्षण को समय की आवश्यकता बताते हुए कहा कि सरकार का उद्देश्य तकनीक के माध्यम से पारदर्शी और सरल सेवा उपलब्ध कराना है। उन्होंने विभाग के कर्मचारियों के कार्यों की सराहना करते हुए उपभोक्ताओं से भी जिम्मेदारीपूर्वक बिजली उपयोग करने की अपील की।

बिजली ने गांवों की तस्वीर बदली, अब बन चुकी है विकास की धडक़न : जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश

जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी ने कहा कि गांव-गांव तक बिजली पहुंचने से शिक्षा, स्वास्थ्य, सिंचाई और छोटे व्यवसायों को नई दिशा मिली है। उन्होंने कहा कि विद्युत सुविधा आज ग्रामीण विकास की आधारशिला बन चुकी है और विभाग की योजनाओं से आमजन को सीधा लाभ मिल रहा है।

बेहतर सेवा और डिजिटल व्यवस्था से उपभोक्ताओं का भरोसा बढ़ा : मंडल अध्यक्ष दीपक शर्मा

सीपत भाजपा मंडल अध्यक्ष दीपक शर्मा ने कहा कि बिजली व्यवस्था में निरंतर सुधार से जनता का भरोसा बढ़ा है। उन्होंने विभाग द्वारा उपभोक्ता सुविधाओं को आसान बनाने और शिकायत निवारण प्रणाली को मजबूत करने की सराहना की। कार्यक्रम के प्रारंभ में विद्युत विभाग सीपत के सहायक अभियंता (्रश्व) कौशल जायसवाल ने बताया कि रजत महोत्सव केवल उत्सव नहीं, बल्कि उपभोक्ताओं से संवाद का अवसर है। उन्होंने बताया कि विभाग द्वारा तकनीकी उन्नयन, लाइन मेंटेनेंस, ट्रांसफार्मर क्षमता वृद्धि तथा डिजिटल सेवाओं के विस्तार पर लगातार कार्य किया जा रहा है। उन्होंने उपभोक्ताओं से समय पर बिल भुगतान और विद्युत सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील भी की। इस अवसर पर बीपीएल, घरेलू, गैर-घरेलू कनेक्शन, कृषि पंप उपभोक्ताओं तथा उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों और जागरूक उपभोक्ताओं को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में भाजपा नेता दिलेंद्र कौशील, जनपद अध्यक्ष सरस्वती सोनवानी, मंडल अध्यक्ष दीपक शर्मा, जिला पंचायत सदस्य राजेंद्र धीवर, जिप. सभापति प्रतिनिधि चंद्रप्रकाश सूर्या, प्रणव शर्मा, जनपद सदस्य मनोज खरे, विजय गुप्ता, सरपंच मनीषा योगेश वंशकार, बांके बिहारी गुप्ता, मंडल उपाध्यक्ष अभिलेश यादव, मन्नू सिंह, मदनलाल पाटनवार, तुलेश्वर पाटनवार, ललित यादव, तुषार चंद्राकर, वैभव तंबोली सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। विद्युत विभाग की ओर से एई कौशल जायसवाल, जेई रंजना देवगन, चंद्रशेखर धीवर, कार्यालय सहायक प्रमोद पाटनवार सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
यह आयोजन न केवल विद्युत सेवाओं की उपलब्धियों का उत्सव रहा, बल्कि उपभोक्ताओं के साथ संवाद, जागरूकता और भविष्य की योजनाओं की झलक प्रस्तुत करने का प्रभावी मंच भी साबित हुआ।

Related Articles

Back to top button