
मुंबई। महाराष्ट्र की राजनीति में शनिवार को एक ऐतिहासिक क्षण देखने को मिला, जब दिवंगत उपमुख्यमंत्री अजित पवार की पत्नी सुनेत्रा पवार ने उपमुख्यमंत्री पद की शपथ ली। मुंबई स्थित लोक भवन में आयोजित संक्षिप्त समारोह में राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इसके साथ ही सुनेत्रा पवार महाराष्ट्र की पहली महिला उपमुख्यमंत्री बन गईं।
शपथ ग्रहण समारोह में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, मंत्रिमंडल के सदस्य, राकांपा के कार्यकारी अध्यक्ष प्रफुल्ल पटेल, प्रदेश अध्यक्ष सुनील तटकरे और सुनेत्रा पवार के पुत्र जय पवार मौजूद रहे।
उपमुख्यमंत्री पद की शपथ लेने से पहले महाराष्ट्र विधानभवन में हुई राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) विधायक दल की बैठक में सुनेत्रा पवार को सर्वसम्मति से विधायक दल का नेता चुना गया। इसके बाद उन्होंने अपनी राज्यसभा सदस्यता से इस्तीफा दे दिया। बैठक में वरिष्ठ नेता दिलीप वलसे पाटिल ने उनके नाम का प्रस्ताव रखा, जबकि छगन भुजबल ने समर्थन किया। यह बैठक उसी कक्ष में हुई, जहां लंबे समय तक अजित पवार बैठते रहे थे। कक्ष में उनकी तस्वीर पर पुष्प अर्पित करते हुए कई विधायक भावुक नजर आए। इसी बैठक में सुनेत्रा पवार को राकांपा अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी भी सौंपी गई, जिससे पार्टी के सभी अधिकार अब उनके पास आ गए हैं।
प्रधानमंत्री मोदी ने दी बधाई
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सुनेत्रा पवार को बधाई देते हुए कहा कि महाराष्ट्र की पहली महिला उपमुख्यमंत्री के रूप में उनका कार्यकाल राज्य के लिए लाभकारी होगा। उन्होंने विश्वास जताया कि सुनेत्रा पवार जनकल्याण के लिए काम करेंगी और स्वर्गीय अजित पवार के विजन को आगे बढ़ाएंगी।



