छत्तीसगढ़

सीपत पुलिस का डबल अटैक; नरगोड़ा और देवरी में ताबड़तोड़ रेड, अवैध शराब कारोबारियों की कमर टूटी

15 लीटर कच्ची महुआ और बड़ी मात्रा में देशी प्लेन शराब जब्त, दो आरोपी सलाखों के पीछे

सीपत (हिमांशु गुप्ता)। अवैध नशे के खिलाफ चलाए जा रहे सख्त अभियान के तहत सीपत पुलिस ने रविवार को दो अलग-अलग गांवों में एक साथ दबिश देकर अवैध शराब कारोबार पर जोरदार प्रहार किया। थाना क्षेत्र के ग्राम नरगोड़ा और ग्राम देवरी में की गई इस ताबड़तोड़ कार्रवाई में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर बड़ी मात्रा में कच्ची महुआ शराब और देशी प्लेन शराब जब्त की है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक मुखबिर से सूचना मिली थी कि दोनों गांवों में अवैध शराब का कारोबार जोरों पर है। सूचना की पुष्टि होते ही थाना प्रभारी राजेश मिश्रा के नेतृत्व में रणनीति तैयार की गई और दो अलग-अलग पुलिस टीमों को एक साथ रवाना किया गया, ताकि आरोपी बच न सकें।

नरगोड़ा में पहली बड़ी कार्रवाई

ग्राम नरगोड़ा के भांठापारा में दबिश के दौरान पुलिस ने अमन लोनिया (22 वर्ष) को पकड़ा, जिसके कब्जे से 15 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद की गई। पुलिस ने मौके पर ही शराब जब्त कर आरोपी को हिरासत में ले लिया।

देवरी में दूसरी सटीक रेड

दूसरी टीम ने ग्राम देवरी भांठापारा में कार्रवाई करते हुए जगत नारायण वस्त्रकार (40 वर्ष) को पकड़ा। उसके पास से 35 पाव देशी प्लेन शराब (करीब 6 लीटर 300 ग्राम) बरामद की गई। पुलिस ने शराब की खेप जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों के विरुद्ध आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विधिवत गिरफ्तार किया गया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
सीपत थाना प्रभारी राजेश मिश्रा ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि अवैध नशे का कारोबार समाज के लिए जहर है। सीपत पुलिस ऐसे अवैध धंधों के खिलाफ पूरी सख्ती से कार्रवाई कर रही है और आगे भी यह अभियान लगातार जारी रहेगा। क्षेत्र में नशा बेचने या फैलाने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अवैध शराब कारोबारियों में हडक़ंप मच गया है, वहीं आम नागरिकों ने पुलिस की इस मुहिम की सराहना की है। सीपत पुलिस का यह अभियान साफ संकेत है — कानून से खिलवाड़ करने वालों की अब खैर नहीं।

Related Articles

Back to top button