सालों का इंतज़ार खत्म; विधायक दिलीप लहरिया की मेहनत रंग लाई, सोनसरी-मुकुंदपुर सडक़ को मिली 19 करोड़ की स्वीकृति
विकास की राह पर मस्तूरी विधानभा; अब गाँवों तक पहुँचेगी पक्की सडक़, बदलेगी किस्मत

सीपत (हिमांशु गुप्ता)। क्षेत्र के विकास इतिहास में एक बड़ी उपलब्धि जुड़ गई है। जिला बिलासपुर अंतर्गत सोनसरी से मुकुंदपुर तक बनने वाली बहुप्रतीक्षित सडक़ को राज्य शासन से प्रशासकीय स्वीकृति मिल गई है। यह कार्य वर्ष 2024-25 के बजट में शामिल किया गया था और अब इसे औपचारिक मंजूरी मिलने से क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई है। यह सफलता मस्तूरी विधानसभा के लोकप्रिय विधायक दिलीप लहरिया की सतत पहल, प्रभावी पैरवी और जमीनी प्रतिबद्धता का प्रत्यक्ष परिणाम मानी जा रही है।
19 करोड़ से अधिक की लागत से बनेगी 8.67 किमी लंबी सडक़
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मद क्रमांक 7461 के अंतर्गत 19,05,17,000 उन्नीस करोड़ पाँच लाख सत्रह हजार रुपये की राशि से 8.675 किलोमीटर लंबी इस सडक़ का निर्माण किया जाएगा। यह सडक़ सीधे तौर पर सोन, बसंतपुर, मुकुंदपुर और उदयबंद सहित आसपास के गांवों के हजारों ग्रामीणों के जीवन को आसान बनाएगी।
किसानों, विद्यार्थियों और व्यापारियों को सीधा लाभ
इस सडक़ के निर्माण से किसानों को फसल मंडी तक ले जाने में सुविधा मिलेगी। विद्यार्थियों को स्कूल–कॉलेज पहुँचने में राहत , व्यापार और स्थानीय बाजार गतिविधियों में तेजी आएगी। साथ ही आपातकालीन सेवाओं की बेहतर पहुंच , ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई रफ्तार मिलेगी। यह मार्ग केवल सडक़ नहीं, बल्कि ग्रामीण विकास की जीवनरेखा साबित होगा।
विधायक लहरिया ने कहा कि मैंने 2023 में विधानसभा पहुँचने के बाद सबसे पहले क्षेत्र की बुनियादी जरूरतों को प्राथमिकता दी। सोनसरी–मुकुंदपुर सडक़ वर्षों से जनता की मांग थी। फरवरी 2024 के बजट सत्र में मैंने इसे पूरी मजबूती से सदन में उठाया। आज इस सडक़ को स्वीकृति मिलना जनता की जीत है, मेरे लिए यह भावनात्मक क्षण है। यह सडक़ किसानों, युवाओं और विद्यार्थियों के सुनहरे भविष्य की आधारशिला बनेगी।
लगातार पत्राचार और फॉलोअप से मिली सफलता
ग्रामीणों के अनुसार, विधायक लहरिया ने इस सडक़ के लिए शासन स्तर पर निरंतर पत्राचार किया, अधिकारियों से चर्चा की और हर स्तर पर फॉलोअप किया। उनकी इसी सक्रियता का परिणाम है कि वर्षों पुरानी मांग आज हकीकत बन गई। सडक़ स्वीकृति की खबर मिलते ही गांवों में खुशी का माहौल है। ग्रामीणों ने विधायक लहरिया के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह निर्णय क्षेत्र की तस्वीर और तकदीर दोनों बदल देगा।



