एनटीपीसी सीपत के फ्लाई ऐश कांटा घर में लाखों की चोरी का खुलासा , सीपत पुलिस की त्वरित कार्रवाई
4 आरोपी, 2 विधि से संघर्षरत बालक व 3 खरीदार गिरफ्तार, 4.33 लाख का सामान बरामद, सीपत में हाई-प्रोफाइल चोरी का पर्दाफाश, पूरा माल बरामद

सीपत (हिमांशु गुप्ता)। सीपत थाना क्षेत्र अंतर्गत एनटीपीसी सीपत के राखड़ डेम के पास स्थित फ्लाई ऐश कांटा (कंटेनर) घर में हुई लाखों रुपये की चोरी का पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार मुख्य आरोपियों, दो विधि से संघर्षरत बालकों तथा चोरी का सामान खरीदने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी गया शत-प्रतिशत सामान बरामद कर लिया है, जिसकी कुल कीमत लगभग 4,33,000 आंकी गई है। सीपत थाना प्रभारी राजेश मिश्रा से मिली जानकारी के अनुसार प्रार्थी अनंत कुमार वासनिक अपर महाप्रबंधक (ऐश मैनेजमेंट विभाग), एनटीपीसी सीपत द्वारा रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। उन्होंने बताया कि ग्राम कौडिय़ा के समीप स्थित राखड़ डेम क्षेत्र में बने दो कंटेनर कांटा घरों के ताले तोडक़र अज्ञात चोरों ने रात में चोरी की घटना को अंजाम दिया। जिसमें चोरी गए सामान में 02 एयर कंडीशनर , 02 बैट्री सहित इन्वर्टर , 03 डिस्प्ले यूनिट 02 कम्प्यूटर सेट , 01 प्रिंटर , 02 कुर्सियां , 01 टेबल शामिल थे।
मुखबिर की सूचना से खुली गुत्थी
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में थाना प्रभारी सीपत ने टीम गठित कर जांच शुरू की। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि जांजी क्षेत्र के कुछ युवक चोरी का सामान बेचने की फिराक में हैं। पुलिस ने संदेही विष्णू सोनकर को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसने अपने साथियों के साथ चोरी करना स्वीकार किया। पूछताछ के बाद पुलिस ने अमन खरे, गुलशन कुमार बंजारे, यश कुमार डोंगरे सहित अन्य आरोपियों को पकड़ा। साथ ही दो विधि से संघर्षरत बालकों की संलिप्तता भी सामने आई। चोरी का कुछ सामान बेचने वाले तीन खरीदारों कृष्ण कुमार (सीपत), गौतम खांडे (जांजी), ईश्वर पटेल (पंधी) को भी गिरफ्तार किया गया। सभी आरोपी न्यायिक रिमांड पर पुलिस ने चारों मुख्य आरोपियों व खरीदारों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है, जबकि विधि से संघर्षरत बालकों को किशोर न्याय बोर्ड बिलासपुर के समक्ष प्रस्तुत किया गया। इस त्वरित और सफल कार्रवाई पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा टीम को नगद पुरस्कार देने की घोषणा भी की गई है। इस कार्यवाही में स.उ.नि. धर्मेंद्र यादव, प्रधान आरक्षक मनहरण सिंह, आरक्षक शरद साहू, रामसनेही साहू, प्रकाश जगत एवं नितिश कश्यप का विशेष योगदान है।
एनटीपीसी जैसे हाई-सिक्योरिटी ज़ोन में चोरी ने उठाए सुरक्षा पर सवाल
एनटीपीसी सीपत जैसे अति संवेदनशील औद्योगिक क्षेत्र, जहां केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) की तैनाती रहती है, वहां कंटेनर कांटा घर में इस तरह की चोरी की घटना सामने आना सुरक्षा व्यवस्था पर प्रश्नचिह्न खड़ा करता है। हालांकि चोरी बाहरी परिधि के क्षेत्र में हुई बताई जा रही है, फिर भी इतनी बड़ी मात्रा में सामान की चोरी होना और उसे बाहर ले जाना सुरक्षा निगरानी की प्रभावशीलता पर चर्चा का विषय बन गया है। मानना है कि औद्योगिक परिसरों के आसपास स्थित सहायक ढांचों की सुरक्षा को भी मुख्य प्लांट क्षेत्र जितनी प्राथमिकता दिए जाने की आवश्यकता है।



