छत्तीसगढ़ में दो बड़े हादसे
बलौदाबाजार जिले के खरोरा इलाके में चलती बस में लगी आग, दूसरी घटना रायपुर में कार धू-धूकर जलने लगी

रायपुर । छत्तीसगढ़ में सोमवार सुबह दो अलग-अलग जगहों पर आग की घटनाओं से अफरा-तफरी मच गई। एक ओर बलौदाबाजार जिले के खरोरा इलाके में यात्रियों से भरी चलती बस में आग लग गई, तो दूसरी ओर राजधानी रायपुर में एक कार अचानक धू-धू कर जलने लगी। दोनों ही मामलों में समय रहते लोगों को बाहर निकाल लिया गया, जिससे कुल 56 लोगों की जान बच गई।
पहली घटना बलौदाबाजार जिले के खरोरा थाना क्षेत्र की है। सोमवार सुबह राजधानी ट्रैवल्स की एक बस, जिसमें करीब 50 यात्री सवार थे, बलौदाबाजार से रायपुर की ओर जा रही थी। भैंसा गांव के पास बस के इंजन से अचानक धुआं निकलने लगा और कुछ ही पलों में आग भडक़ उठी। ड्राइवर ने स्थिति को भांपते हुए तुरंत बस रोक दी और दरवाजे खोलकर यात्रियों को बाहर निकलने के लिए कहा। बस में महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग भी सवार थे, लेकिन ड्राइवर की सूझबूझ से सभी 50 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
यात्रियों के उतरने के कुछ ही देर बाद बस पूरी तरह आग की चपेट में आ गई और जलकर खाक हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। इस हादसे में किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
रायपुर में कार में आग, छह लोग बाल-बाल बचे
दूसरी घटना राजधानी रायपुर के तेलीबांधा थाना क्षेत्र की है। अग्रसेन चौक के पास एक चलती कार में अचानक आग लग गई। कार में सवार छह लोगों ने समय रहते बाहर निकलकर अपनी जान बचा ली।
आग लगने की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। दमकल की मदद से आग बुझाई गई। इस घटना में भी किसी तरह की जनहानि नहीं हुई है। पुलिस दोनों मामलों में आग लगने के कारणों की जांच कर रही है।


