छत्तीसगढ़

जिले में विद्यार्थियों के आधार बायोमेट्रिक अपडेट हेतु 12 फरवरी से 10 मार्च तक शिविर का आयोजन

महासमुन्द, 12 फरवरी। कलेक्टर विनय कुमार लंगेह के निर्देशानुसार जिले में 5 से 7 वर्ष एवं 15 से 17 वर्ष आयु वर्ग के छूटे हुए विद्यार्थियों के आधार बायोमेट्रिक अपडेट हेतु विशेष शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। यह शिविर आज जिले के 32 शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों में आयोजित किए गए हैं। ये शिविर 10 मार्च तक आयोजित किए जाएंगे। शिविर संचालन के लिए विकासखंड स्तर पर बी.आर.सी. तथा संकुल स्तर पर संकुल समन्वयकों को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।
इन शिविरों में आधार ऑपरेटरों के माध्यम से विद्यार्थियों का बायोमेट्रिक अपडेट किया जाएगा। इस संबंध में जिला मिशन समन्वयक, समग्र शिक्षा महासमुंद द्वारा संकुल समन्वयकों एवं आधार ऑपरेटरों को आपसी समन्वय से कार्य करने हेतु निर्देश जारी किए गए हैं। अभियान के सफल क्रियान्वयन हेतु सभी विद्यालयों को व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि अधिक से अधिक छूटे हुए विद्यार्थी लाभान्वित हो सकें।
इसी क्रम में आगामी सप्ताह में 0 से 5 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों के नवीन आधार पंजीयन हेतु आंगनबाड़ी केंद्रों में विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे। यह कार्य महिला एवं बाल विकास विभाग तथा पोस्ट ऑफिस के आधार ऑपरेटरों के सहयोग से संपन्न किया जाएगा। उक्त समस्त कार्यों की नियमित समीक्षा कलेक्टर द्वारा समय-सीमा बैठकों में की जाएगी।

Related Articles

Back to top button