राजधानी

स्कूटर से 75 लाख रुपये नगद बरामद

युवक के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई

रायपुर। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा थाना आजाद चौक पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए स्कूटर से 75 लाख रुपये नगद बरामद किए हैं। मामले में एक युवक के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की गई है।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में 27 फरवरी को थाना आजाद चौक क्षेत्र के समता कॉलोनी में एमसीपी प्वाइंट लगाकर संदिग्ध वाहन और व्यक्तियों की जांच की जा रही थी। इसी दौरान एक्टिवा (वाहन क्रमांक सीजी 04 एनजे 8956) को रोका गया। वाहन में एक बड़ा थैला रखा हुआ था।
थैले की तलाशी लेने पर उसमें भारी मात्रा में नगद राशि पाई गई। वाहन सवार युवक ने पूछताछ में अपना नाम मिलन शर्मा (25 वर्ष), पिता राधेश्याम शर्मा, निवासी समता कॉलोनी, खादुश्चाम मंदिर के सामने गली, थाना आजाद चौक, जिला रायपुर बताया।
पुलिस द्वारा नगद राशि के संबंध में वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा गया, लेकिन वह कोई संतोषजनक दस्तावेज पेश नहीं कर सका और पूछताछ के दौरान टीम को गुमराह करता रहा। इसके बाद उसके कब्जे से कुल 75,00,000 रुपये नगद, चार मोबाइल फोन और एक्टिवा वाहन जब्त कर लिया गया।
आरोपी के विरुद्ध इस्तगासा क्रमांक 01/2026 के तहत धारा 106 बीएनएसएस में कार्रवाई की गई है। मामले की सूचना आयकर विभाग को दे दी गई है, जहां अब आगे की जांच की जा रही है।

Related Articles

Back to top button