पेट्रोल संकट गहराया, कई पेट्रोल पंप बंद
अनावश्यक पेट्रोल की खरीदारी न करें और संयम बनाए रखें

रायपुर। रायपुर शहर में दूसरे दिन भी पेट्रोल की किल्लत देखने को मिली। शहर के कई पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल खत्म हो जाने के कारण पंप बंद पड़े हैं, जिससे आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
सुबह से ही कई पंपों पर लंबी कतारें देखने को मिलीं। लोग घंटों इंतजार करने के बाद भी बिना पेट्रोल लिए वापस लौटने को मजबूर हो रहे हैं। स्थिति का असर दैनिक यात्रियों, स्कूल-कॉलेज जाने वाले छात्रों और व्यावसायिक वाहनों पर भी पड़ रहा है।
जानकारी के अनुसार, सप्लाई प्रभावित होने के कारण शहर में पेट्रोल की उपलब्धता कम हो गई है। कई पंप संचालकों ने सीमित मात्रा में ही पेट्रोल वितरण शुरू किया है, जबकि कुछ पंप पूरी तरह बंद हैं।
पेट्रोल संकट की खबर फैलते ही लोगों में चिंता बढ़ गई है और कई स्थानों पर अफरा-तफरी जैसी स्थिति बन गई। प्रशासन और तेल कंपनियों की ओर से स्थिति सामान्य करने के प्रयास किए जा रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही सप्लाई बहाल होने के बाद स्थिति सामान्य हो जाएगी।
वहीं प्रशासन ने नागरिकों से अपील की गई है कि वे घबराकर अनावश्यक पेट्रोल की खरीदारी न करें और संयम बनाए रखें।


