
नई दिल्ली। देश का एक बड़ा हिस्सा इस समय भीषण गर्मी और जानलेवा लू की चपेट में है। सूरज की तपिश और झुलसाने वाली गर्म हवाओं ने जनजीवन को पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने चेतावनी जारी की है कि मध्य और उत्तर भारत में मई के अंत तक लू का यह खौफनाक दौर जारी रहने वाला है। उत्तर प्रदेश और हरियाणा सहित कई राज्यों में अधिकतम तापमान 45 से 47 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है, जिससे अस्पतालों में डिहाइड्रेशन और हीट स्ट्रोक के मरीजों की संख्या तेजी से बढऩे लगी है।
भीषण गर्मी अब जानलेवा साबित हो रही है। तेलंगाना के सात जिलों में हीटस्ट्रोक यानी लू लगने के कारण 16 लोगों की दर्दनाक मौत हो चुकी है। हालात की गंभीरता को देखते हुए राज्य के राजस्व और सूचना मंत्री पोंगुलेटी श्रीनिवास रेड्डी ने सचिवालय में वरिष्ठ अधिकारियों के साथ आपातकालीन समीक्षा बैठक की। सरकार ने सभी मृतकों के परिवारों को 4-4 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने का एलान किया है।



