देश / विदेश

जम्मू-कश्मीर में बारिश का कहर

पुंछ में बाढ़-भूस्खलन से 11 की मौत, कई लापता

पुंछ । जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में मूसलाधार बारिश ने भारी तबाही मचा दी है। लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। शनिवार देर रात से रविवार सुबह तक हुई तेज बारिश के चलते कई इलाकों में अचानक बाढ़ और भूस्खलन की घटनाएं हुईं। अब तक 11 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि कई लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं। हादसों में चार लोग घायल हुए हैं, जिनमें तीन बच्चे शामिल हैं।
भारी बारिश का सबसे अधिक असर सुरनकोट तहसील में देखने को मिला। यहां कई मकान भूस्खलन की चपेट में आ गए। प्रशासन, पुलिस और सेना की संयुक्त टीमें राहत एवं बचाव अभियान में जुटी हुई हैं। लोअर मड़ा गांव में भूस्खलन के कारण एक मकान पूरी तरह मलबे में दब गया। इस हादसे में मकान मालिक मोहम्मद लतीफ और उनके परिवार के पांच सदस्य लापता हो गए। रेस्क्यू अभियान के दौरान मलबे से आठ शव बरामद किए गए हैं।
संगलेयानी गांव में मकान गिरने से 18 वर्षीय युवक की मौत हो गई। मरहोट गांव में इरम नाम की नाबालिग लडक़ी तेज बहाव वाले नाले में बह गई, जिससे उसकी जान चली गई। वहीं धुंधक लठूंग पुल के पास एक नाले से एक अज्ञात महिला का शव भी बरामद किया गया।

Related Articles

Back to top button