छत्तीसगढ़

डिजिटल सेवा ने आसान की राह, बेबी अग्रवाल को महज एक दिन में मिला आय प्रमाण पत्र

सेवा सेतु पोर्टल से घर बैठे आवेदन, त्वरित सेवा से खुश हितग्राही ने कहा-समय और मेहनत दोनों की हुई बचत

रायपुर, 06 अक्टूबर। शासकीय सेवाओं के लिए लंबी प्रक्रिया और कार्यालयों के चक्कर लगाने के बजाय अब डिजिटल माध्यम नागरिकों की राह आसान कर रहे हैं। सेवा संकल्प अभियान 2026 के दौरान ऐसा ही सुखद अनुभव मनेन्द्रगढ़ विकासखंड निवासी बेबी अग्रवाल को हुआ। उन्होंने सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से आय प्रमाण पत्र के लिए ऑनलाइन आवेदन किया और महज एक दिन में उनका आय प्रमाण पत्र बनकर तैयार हो गया। कम समय में आवश्यक दस्तावेज मिलने से बेबी अग्रवाल बेहद प्रसन्न हैं। उनका अनुभव बताता है कि तकनीक आधारित सेवाएं किस तरह आम नागरिकों के समय और मेहनत की बचत करते हुए शासकीय सेवाओं तक पहुंच को सरल एवं सुविधाजनक बना रही हैं।

आवेदन किया और अगले ही दिन मिला प्रमाण पत्र
बेबी अग्रवाल बताती हैं कि आय प्रमाण पत्र की आवश्यकता होने पर उन्होंने सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से आवेदन किया। ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया उनके लिए आसान रही और सबसे बड़ी राहत तब मिली, जब महज एक दिन में आय प्रमाण पत्र प्राप्त हो गया। उन्होंने कहा कि कम समय में प्रमाण पत्र मिलने से उनका जरूरी काम समय पर पूरा हो सका। ऑनलाइन व्यवस्था के कारण अनावश्यक भागदौड़ से भी राहत मिली। त्वरित सेवा ने न केवल उनका समय बचाया, बल्कि डिजिटल माध्यम से उपलब्ध शासकीय सेवाओं के प्रति भरोसा भी बढ़ाया।

सेवा सेतु से शासकीय सेवाओं तक पहुंच हुई आसान
सेवा सेतु जैसे डिजिटल माध्यमों के जरिए नागरिक विभिन्न शासकीय सेवाओं के लिए ऑनलाइन आवेदन करने के साथ आवेदन की स्थिति की जानकारी भी प्राप्त कर सकते हैं। इससे सेवाओं को अधिक सरल, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से नागरिकों तक पहुंचाने में मदद मिल रही है। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित सेवा सेतु शिविरों के माध्यम से भी आम नागरिकों को विभिन्न विभागीय योजनाओं एवं सेवाओं से जोड़ा जा रहा है। शिविरों में प्रमाण पत्र संबंधी सेवाओं के साथ आवास, आयुष्मान कार्ड, कृषि एवं किसान कल्याण सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी और आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।

डिजिटल सुशासन की दिखी तस्वीर
बेबी अग्रवाल का अनुभव डिजिटल सुशासन की उस बदलती तस्वीर को सामने लाता है, जहां नागरिकों को जरूरी शासकीय सेवाएं कम समय और सरल प्रक्रिया के माध्यम से उपलब्ध हो रही हैं। डिजिटल व्यवस्था से जहां कार्यालयों के अनावश्यक चक्कर कम हो रहे हैं, वहीं सेवाओं की पहुंच और समयबद्धता भी बेहतर हो रही है।
त्वरित सेवा से प्रसन्न बेबी अग्रवाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि ऑनलाइन माध्यम से कम समय में आवश्यक प्रमाण पत्र मिलने से आम नागरिकों के लिए शासकीय सेवाओं का लाभ लेना अधिक सुविधाजनक हुआ है। 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक आयोजित सेवा संकल्प अभियान 2026 का उद्देश्य जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी नागरिकों तक पहुंचाने के साथ उन्हें सरल और सुगम तरीके से लाभान्वित करना है। बेबी अग्रवाल को महज एक दिन में आय प्रमाण पत्र मिलना इसी प्रयास की एक सकारात्मक तस्वीर है, जहां डिजिटल तकनीक ने शासकीय सेवा को नागरिक के लिए तेज, सहज और सुविधाजनक बनाया है।

Related Articles

Back to top button