राजधानी

श्रम कार्ड एवं आधार कार्ड की जानकारी में विषमता होने पर कराएं ई-केवाईसी

श्रम विभाग में पंजीकृत श्रमिकों से निकटतम चॉइस सेंटर में जाकर जानकारी का सत्यापन कराने की अपील की

रायपुर, 26 अक्टूबर। श्रम विभाग में पंजीकृत ऐसे श्रमिक, जिनके श्रम पंजीयन कार्ड एवं आधार कार्ड में दर्ज जानकारी में किसी प्रकार की विषमता है, उन्हें आधार आधारित संशोधन (ई-केवाईसी) कराना आवश्यक है। यह प्रक्रिया कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) एवं विलेज लेवल एंटरप्रेन्योर (वीएलई) के माध्यम से की जाएगी।
प्रदेश के श्रम मंत्री लखनलाल देवांगन के निर्देशानुसार पंजीकृत श्रमिकों को पंजीयन से संबंधित ई-केवायसी किया जा रहा है। श्रम विभाग में पंजीकृत सभी श्रमिकों से अपील की गई है कि वे अपने निकटतम चॉइस सेंटर अथवा वीएलई के पास जाकर अपने श्रम पंजीयन कार्ड में दर्ज जानकारी की जाँच कराएं। यदि श्रम कार्ड एवं आधार कार्ड की जानकारी में किसी प्रकार की विसंगति पाई जाती है, तो आधार आधारित संशोधन (ई-केवाईसी) की प्रक्रिया पूर्ण कराएं। ई-केवाईसी नहीं कराने अथवा दोनों दस्तावेजों में दर्ज जानकारी में विषमता बने रहने की स्थिति में श्रमिकों को श्रम विभाग की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में परेशानी हो सकती है तथा वे योजनाओं के लाभ से वंचित भी हो सकते हैं। अत: सभी पंजीकृत श्रमिक समय रहते अपने श्रम कार्ड की जानकारी का सत्यापन कराएं तथा आवश्यक होने पर ई-केवाईसी की प्रक्रिया पूर्ण कराकर अपने पंजीयन संबंधी जानकारी को अद्यतन रखें।

Related Articles

Back to top button