छत्तीसगढ़

राज्योत्सव में दिखेगी विकसित छत्तीसगढ़ की तस्वीर, सरगुजा में कृषि मंत्री रामविचार नेताम होंगे मुख्य अतिथि

2 नवंबर को जिला मुख्यालय में होगा राज्य स्थापना दिवस का विशेष आयोजन, ‘सशक्त नारी, युवा उड़ान’ थीम पर सजेगा कार्यक्रम स्थल

रायपुर 28 अक्टूबर। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर 2 नवंबर को सरगुजा जिला मुख्यालय में एक दिवसीय राज्योत्सव 2026 का आयोजन किया जाएगा। राज्य शासन के सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार, सरगुजा जिले में आयोजित होने वाले जिला स्तरीय राज्योत्सव कार्यक्रम में प्रदेश के कृषि मंत्री रामविचार नेताम मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इस अवसर पर राज्य की विकास यात्रा, जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों को प्रदर्शित करने के साथ ही सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।
राज्योत्सव 2026 की थीम ‘सशक्त नारी, युवा उड़ान’ निर्धारित की गई है। इसके अनुरूप कार्यक्रम स्थल पर महिला सशक्तीकरण, युवाओं के अवसरों और प्रदेश के समग्र विकास को केंद्र में रखकर आयोजन किया जाएगा। विभिन्न विभागों द्वारा विकास योजनाओं, महत्वपूर्ण उपलब्धियों और सफल परियोजनाओं पर आधारित प्रदर्शनी लगाई जाएगी, जिससे आम नागरिकों को शासन की योजनाओं एवं उनके क्रियान्वयन की जानकारी मिल सकेगी।
जिला स्तरीय राज्योत्सव में कलाकारों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी जाएगी। साथ ही, शासन की कल्याणकारी योजनाओं के पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित करने की भी व्यवस्था की जाएगी। कार्यक्रमों में शालीनता और गरिमा बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि राज्य स्थापना दिवस का आयोजन उत्साहपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हो।
राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर 1 से 3 नवंबर तक सरगुजा जिला मुख्यालय स्थित शासकीय भवनों को आकर्षक रोशनी से सजाया जाएगा। इसके लिए संबंधित विभागों को अपने बजट से आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
जिला स्तरीय कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति और आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया है।
सरगुजा में आयोजित होने वाला राज्योत्सव प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत, विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने का अवसर होगा। ‘सशक्त नारी, युवा उड़ान’ की थीम के माध्यम से महिला सशक्तीकरण और युवा सहभागिता के महत्व को भी रेखांकित किया जाएगा।

Related Articles

Back to top button