छत्तीसगढ़

धुमाल की धुन पर थिरके विद्यार्थियों के कदम, विघ्नहर्ता को दी भावभीनी विदाई

गणेशोत्सव बच्चों में ऊर्जा और संस्कार जगाने का अवसर: सुनील निर्मलकर

सीपत (हिमांशु गुप्ता)। सुनील शिक्षण संस्थान में विराजमान विघ्नहर्ता का शुक्रवार को धूमधाम और उल्लास के साथ गणेश विसर्जन किया गया। धुमाल की गूंजती धुनों पर जहां छात्र झूमते रहे, वहीं छात्राओं ने भी संस्था के गणवेश एक परिधान में जमकर थिरककर उत्सव को यादगार बना दिया। माथे पर ‘गणपति बप्पा मोरया’ की पट्टियाँ सजाए विद्यार्थी जयकारों से वातावरण को गूँजायमान कर रहे थे।
विसर्जन यात्रा सुनील शिक्षण संस्थान परिसर से प्रारंभ होकर थाना चौक, बसस्टैंड, नवाडीह चौक होते हुए तहसील के पीछे स्थित तालाब तक निकाली गई। यात्रा के दौरान हर मोड़ पर श्रद्धा और उत्साह का अनोखा संगम दिखाई दिया। तालाब पहुंचने से पूर्व सभी ने मिलकर विधिवत मंत्रोच्चार के साथ आरती उतारी और विघ्नहर्ता से सद्बुद्धि और मंगलकामना की प्रार्थना की।
इस अवसर पर संस्था के संचालक सुनील निर्मलकर ने कहा कि गणेश उत्सव केवल आस्था और आनंद का पर्व नहीं है, बल्कि यह बच्चों में ऊर्जा, संस्कार और सामाजिक एकता का संदेश भी देता है। हमारी कोशिश है कि विद्यार्थी शिक्षा के साथ-साथ परंपराओं और संस्कृति से भी जुड़े रहें। विघ्नहर्ता की विदाई के क्षणों में विद्यार्थियों की आंखों में जहां भावुकता झलक रही थी, वहीं पूरे नगर में उत्साह और श्रद्धा का माहौल देखते ही बन रहा था। इस दौरान उपसंचालिका श्रीमती छाया निर्मलकर , हरिराम साहू ,अनंत धीवर, दिव्यानी दर्वे,रजत सत्यार्थी, बृजभान भास्कर सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button