शहादत को सलाम; नरगोड़ा में कल होगा शहीद वीरेंद्र कैवर्त का भव्य स्मृति समारोह
विद्यार्थियों ने दिखाई ज्ञान की चमक, युवाओं ने खेलों से भरी ऊर्जा, ग्रामीणों ने मूर्ति स्थापना, स्कूल , सडक़-मैदान का नाम शहीद के नाम पर करने की रखी मांग

सीपत (हिमांशु गुप्ता) । 15 सितंबर को ग्राम पंचायत नरगोड़ा में भारतीय सेना के वीर सपूत शहीद लांस नायक वीरेंद्र कुमार कैवर्त के 20वें शहादत दिवस पर दो दिवसीय कार्यक्रमों की शुरुआत रविवार को हुई। ग्राम नरगोड़ा स्कूल परिसर में सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें 100 से अधिक विद्यार्थियों ने भाग लिया और विजयी छात्रों को सम्मानित किया गया। शिक्षा और राष्ट्रप्रेम की भावना को प्रोत्साहित करने के साथ ही शहीद की स्मृति में क्रिकेट टूर्नामेंट भी हुआ। इसमें गांव की चार टीमों ने शानदार खेल भावना का प्रदर्शन किया और युवाओं ने संदेश दिया कि राष्ट्रनिर्माण में शिक्षा व खेल दोनों ही महत्वपूर्ण आधार हैं।

सोमवार 15 सितंबर को शहादत दिवस की स्मृति में सम्मान समारोह रखा गया है। इसमें मुख्य अतिथि मस्तूरी विधायक दिलीप लहरिया, अति विशिष्ट अतिथि नेहरू निषाद पिछड़ा वर्ग आयोग अध्यक्ष छत्तीसगढ़, भरत लाल मटियार अध्यक्ष मछुवा कल्याण बोर्ड छत्तीसगढ़, बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला, विशिष्ट अतिथि राजेश सूर्यवंशी अध्यक्ष जिला पंचायत बिलासपुर, जिपं सदस्य राजेंद्र धीवर, जनपद उपाध्यक्ष नितेश सिंह ठाकुर, जनपद सदस्य श्रीमती उषा कैवर्त, जनपद सदस्य अनिता विजय गुप्ता, पूर्व जिपं सदस्य श्रीमती नूरी दिलेंद्र कौशिल, डॉ. सुनील यादव जिला सह संयोजक, कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन बिलासपुर, सीपत प्रेस क्लब अध्यक्ष प्रदीप पांडेय, हिमांशु गुप्ता, द्वारिका शान्डे अध्यक्ष, कृषि समिति ग्राम पंचायत नरगोड़ा, नरगोड़ा सरपंच श्रीमती कविता, पंचायत सचिव ईश्वरी विजय, रोजगार सहायिका सुभद्रा गोस्वामी उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता कुंवर सिंह निषाद विधायक गुंडरदेही एवं प्रदेश अध्यक्ष, छत्तीसगढ़ निषाद-केवट समाज करेंगे।
शहीद वीरेंद्र कैवर्त की पुण्यतिथि पर पूर्व सैनिक कल्याण संगठन बिलासपुर संभाग, छग निषाद केंवट समाज व ग्रामवासियों ने शासन-प्रशासन से गृहग्राम नरगोड़ा में शहीद की मूर्ति स्थापना, प्रवेश द्वार, स्कूल और सडक़ का नामकरण तथा खेल मैदान को शहीद वीरेंद्र के नाम से समर्पित करने की मांग रखी है। ग्रामीणों का कहना है कि यह पहल उनके बलिदान को स्थायी सम्मान दिलाएगी।



