सीपत पुलिस का अल्टीमेटम – अब चोरी की खैर नहीं, अपराधियों पर टूट पड़ा पुलिसिया शिकंजा

सीपत (हिमांशु गुप्ता)। सीपत पुलिस अब चोरी और आपराधिक घटनाओं को लेकर पूरी तरह आक्रामक मोड में आ चुकी है। थाना प्रभारी ने साफ शब्दों में चेतावनी दी है कि अपराधियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस की कड़ाई और लगातार हो रही धरपकड़ से असामाजिक तत्वों के बीच खौफ का माहौल है। क्षेत्र में बढ़ती चोरी की घटनाओं ने जहां लोगों की चिंता बढ़ा दी थी, वहीं सीपत पुलिस ने त्वरित एक्शन लेकर यह साफ कर दिया है कि अब अपराधियों के दिन लद चुके हैं। पुलिस ने धरपकड़ अभियान तेज करते हुए चोर-बदमाशों को यह संदेश दे दिया है कि कानून से बचना अब नामुमकिन है।
कुकदा चोरी कांड में बड़ी सफलता
इस सख्ती का सबसे बड़ा उदाहरण हाल ही में सामने आया ग्राम कुकदा किराना दुकान चोरी कांड है। घटना का खुलासा करते हुए पुलिस ने एक शातिर आरोपी और चार अपचारी बालकों को गिरफ्तार कर लिया। चोरी का सामान और नगदी रकम भी बरामद की गई है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान आकाश कांगो पिता विजय कांगो उम्र 19 वर्ष निवासी कुकदा के रूप में हुई है। उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है, जबकि चारों अपचारी बालकों को किशोर न्याय बोर्ड के आदेश पर बाल संप्रेषण गृह बिलासपुर भेजा गया।
अपराधियों को सीधा संदेश
पुलिस की त्वरित और सख्त कार्रवाई से यह संदेश स्पष्ट है कि सीपत क्षेत्र में अब चोरी-डकैती या किसी भी तरह का आपराधिक कृत्य कतई बर्दाश्त नहीं होगा। थाना प्रभारी गोपाल सतपथी ने कहा कि सीपत क्षेत्र में अपराधियों के लिए अब कोई जगह नहीं बची है। अगर किसी ने अपराध करने की कोशिश की तो उसका सीधा ठिकाना जेल होगा। कानून से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।



