छत्तीसगढ़

सीपत थाना में दशहरा पर अस्त्र शस्त्र पूजन के साथ पुलिसकर्मियों ने लिया संकल्प

टीआई ने कहा- जनता की सुरक्षा के लिए ही उठेंगे हथियार

सीपत (हिमांशु गुप्ता)। दशहरा पर्व के अवसर पर पूरे जिले के साथ-साथ सीपत थाना परिसर में भी परंपरागत तरीके से अस्त्र-शस्त्रों की पूजा-अर्चना की गई।
इस मौके पर थाना परिसर में उपलब्ध सभी हथियारों की पहले साफ-सफाई कर उन्हें एक स्थान पर विधि-विधान से सजाया गया। तत्पश्चात पूजा स्थल पर पिस्टल, कारतूस, बंदूक, इंसास, एसएलआर सहित विभिन्न आधुनिक शस्त्रों की विधिवत पूजा की गई। आयुध पूजा की यह परंपरा दशहरा पर्व के साथ दशकों से जुड़ी हुई है। मान्यता है कि शस्त्र केवल सुरक्षा और धर्म रक्षण के लिए प्रयुक्त किए जाते हैं और विजयादशमी पर उनकी पूजा कर यह संकल्प लिया जाता है कि उनका प्रयोग केवल सत्य, न्याय और जन-सेवा के लिए ही किया जाएगा।
पूजन कार्यक्रम में थाना प्रभारी गोपाल सतपथी समेत समस्त पुलिस स्टाफ ने भागीदारी रही। पूजन के दौरान मंत्रोच्चार और दीप प्रज्वलन से वातावरण भक्तिमय बना रहा। इस अवसर पर थाना प्रभारी गोपाल सतपथी ने कहा कि दशहरा पर्व पर अस्त्र-शस्त्रों की पूजा करना पुलिस विभाग की परंपरा का हिस्सा है। हम सभी अस्त्र-शस्त्रों को मां दुर्गा के चरणों में समर्पित कर यह संकल्प लेते हैं कि उनका प्रयोग केवल जनता की रक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए ही किया जाएगा। थाना प्रभारी ने सभी क्षेत्रवासियों को विजयादशमी पर्व की बधाई देते लोगों से नशा रूपी बुराई को छोडऩे का आह्नान किया है। सभी ने शस्त्र पूजा के साथ शांति व सुरक्षा का संकल्प लिया। इस दौरान थाना प्रभारी के साथ एसआई , एएसआई सहित समस्त पुलिस के जवान उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button