छत्तीसगढ़राजधानी

नक्सल-मुक्त भारत की ओर बढ़ रहा छत्तीसगढ़ : मुख्यमंत्री साय

सुकमा जिले में 50 लाख के इनामी सहित 27 माओवादियों ने किया आत्मसमर्पण

रायपुर। छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद के खिलाफ सरकार की निर्णायक रणनीति एक बार फिर बड़ी सफलता लेकर आई है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व और सुरक्षा बलों के सतत प्रयासों से 50 लाख रुपए के इनामी सहित कुल 27 सक्रिय माओवादियों ने सुकमा जिले में आत्मसमर्पण किया है।
यह आत्मसमर्पण राज्य की ‘नक्सलवादी आत्मसमर्पण एवं पुनर्वास नीति-2025’ और ‘नियद नेल्ला नार योजना’ की ऐतिहासिक सफलता का प्रत्यक्ष उदाहरण माना जा रहा है। आत्मसमर्पण करने वालों में पीएलजीए बटालियन नंबर-01 के कई हार्डकोर नक्सली भी शामिल हैं।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि यह केवल आत्मसमर्पण नहीं, बल्कि बस्तर के बदलते विश्वास, सुरक्षा और विकास की नई कहानी है। शासन की संवेदनशील नीतियों और सुरक्षा बलों की वीरता से बस्तर का चेहरा बदल रहा है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि पुनर्वास नीति के तहत आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों को मुख्यधारा में लौटने का सम्मानजनक अवसर दिया जा रहा है। सरकार का उद्देश्य केवल नक्सलवाद का अंत नहीं, बल्कि उन क्षेत्रों में स्थायी शांति और विकास की स्थापना करना है, जहाँ कभी भय और हिंसा का वातावरण था।
उन्होंने कहा कि आज वही इलाके संवाद, शिक्षा, स्वास्थ्य, सडक़ और रोजगार के नए मार्ग पर अग्रसर हैं। मुख्यमंत्री साय ने सुरक्षाबलों की सराहना करते हुए कहा कि डीआरजी, एसटीएफ, सीआरपीएफ, कोबरा और स्थानीय पुलिस बलों के संयम, साहस और रणनीति ने इस सफलता को संभव बनाया है।

Related Articles

Back to top button