देश / विदेश

गुजरात कैबिनेट का विस्तार, 26 सदस्यों ने ली शपथ

अहमदाबाद। गुजरात में शुक्रवार को सीएम भूपेंद्र पटेल की कैबिनेट का विस्तार हुआ। भूपेंद्र पटेल की कैबिनेट में कुल 26 नए सदस्यों ने शपथ ली। गुरुवार को गुजरात में सीएम को छोडक़र सभी मंत्रियों ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। इस कैबिनेट विस्तार में हर्ष सांघवी ने डिप्टी सीएम पद की शपथ ली है।
दरअसल, साल 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले गुजरात सरकार की कैबिनेट में हुई इस फेरबदल को अहम माना जा रहा है। शुक्रवार को सीएम भूपेंद्र पटेल ने गुजरात के राज्यपाल आचार्य देवव्रत से मुलाकात की। आइए आपको बताते हैं कि नई कैबिनेट में किस-किस जोन से किसे कैबिनेट में जगह मिली है?
मंत्रिमंडल में स्वरूपजी ठाकोर, प्रवीणकुमार माली, रुशिकेश पटेल, दर्शना वाघेला, कुंवरजी बावलिया, रिवाबा जाडेजा, अर्जुन मोढवाडिया, परषोत्तम सोलंकी, जीतेन्द्र वाघानी, प्रफुल्ल पानशेरिया, हर्ष सांघवी और कनुभाई देसाई का नाम शामिल है। हर्ष सांघवी को राज्य का नया डिप्टी सीएम बनाया गया है। जीतू वाघाणी ने मंत्री पद की शपथ ली है। गुरुवार को गुजरात सीएम भूपेंद्र पटेल को छोडक़र मंत्रिपरिषद के अन्य सभी मंत्रियों ने इस्तीफा दे दिया था।
शपथ ग्रहण समारोह को लेकर भाजपा विधायक लविंगजी ठाकोर ने कहा, आज मुझे मंत्रियों के शपथ ग्रहण समारोह का निमंत्रण मिला है, इसलिए मैं वहां आकर बहुत खुश हूं। पहले भी क्षत्रिय समुदाय के कई लोगों को मंत्री बनाया गया है और आज फिर से बनाया जाएगा। पार्टी जिसे भी मंत्री बनाएगी, हम बहुत खुश हैं। मुझे भाजपा पर पूरा भरोसा है, जो मेरा मानना है कि हर समुदाय का समान रूप से सम्मान करती है। मंत्रिपरिषद में फेरबदल पर भाजपा विधायक कन्हैयालाल किशोरी ने कहा, पार्टी ने हमें सुबह 11.30 बजे का समय दिया है, हम कार्यक्रम में शामिल होंगे। सभी विधायक और पार्टी कार्यकर्ता वहां मौजूद रहेंगे। हम नए मंत्रियों को बधाई देंगे। गुजरात और भी अधिक विकसित होगा।
गुजरात सरकार के मंत्रिपरिषद में यह फेरबदल भाजपा के मिशन 2027 के लिहाज से अहम माना जा रहा है। पार्टी आगामी निकाय चुनाव में नए सामाजिक समीकरणों को परखने की तैयारी कर रही है। पार्टी का मानना है, युवा विधायकों को मंत्रिपरिषद में शामिल करने से युवा नेताओं का हौसला और सरकार में ओबीसी-पाटीदार प्रतिनिधित्व बढ़ेगा। आगामी चुनाव में भाजपा को इसका फायदा मिल सकता है।

Related Articles

Back to top button