गांव-गांव से प्रतिभा निकल रही है, मस्तूरी जल्द बनेगा खेल प्रतिभाओं का केंद्र: रेवाशंकर साहू
हरदाडीह में मस्तूरी कबड्डी प्रीमियर लीग सीजन-5 के चयन ट्रायल का हुआ भव्य समापन

124 खिलाडिय़ों ने दिखाया दमदार खेल, नवोदित खिलाडिय़ों में दिखा जोश और अनुशासन
सीपत (हिमांशु गुप्ता)। हरदाडीह ग्राम में रविवार को मस्तूरी कबड्डी प्रीमियर लीग 2025 (सीजन-5) के चयन ट्रायल का शानदार समापन हुआ। इस अवसर पर मस्तूरी ब्लॉक के विभिन्न ग्रामों से आए कुल 124 खिलाडिय़ों ने अपने कौशल, दमखम और खेल भावना का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। मैदान में युवाओं का उत्साह देखने लायक था। कार्यक्रम में मुख्य रूप से ब्लॉक कबड्डी संघ मस्तूरी के अध्यक्ष एवं जनपद सदस्य रेवाशंकर साहू, पूर्व कोषाध्यक्ष छ.ग. कबड्डी संघ श्री अवधराम चंद्राकर, हरदाडीह सरपंच मंगलराम, कार्यकारिणी अध्यक्ष कपिलनारायण पटेल, भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा महामंत्री यदुराम साहू, संरक्षक रामकुमार पटेल, रेशमलाल मैत्री, उपाध्यक्ष धनेश्वर नेताम और देवेंद्र साहू सहित कई खेलप्रेमी एवं कबड्डी संघ के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
रेवाशंकर साहू ने खिलाडिय़ों को संबोधित करते हुए कहा कि गांव-गांव से निकल रही प्रतिभाएं इस बात का प्रमाण हैं कि अब ग्रामीण क्षेत्र के खिलाड़ी भी राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकते हैं। कबड्डी हमारे संस्कारों से जुड़ा खेल है, जो हमें अनुशासन, एकता और आत्मविश्वास सिखाता है। ब्लॉक कबड्डी संघ का लक्ष्य है कि मस्तूरी को खेल प्रतिभाओं का केंद्र बनाया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि युवा अगर खेल को अपने जीवन का हिस्सा बना लें, तो नशा, तनाव और नकारात्मक सोच उनसे दूर रहेगी। हम हर ग्राम पंचायत में खेल आयोजन को प्रोत्साहित करेंगे ताकि हर बच्चा खेल से जुड़ सके। कार्यक्रम के विशेष अतिथि हरदाडीह सरपंच मंगलराम सिदार ने कहा कि गांव के युवाओं को मंच मिलना गर्व की बात है। कबड्डी जैसे पारंपरिक खेलों से हमारी ग्रामीण पहचान जुड़ी हुई है। हमें मिलकर इन आयोजनों को हर साल और भी बड़े स्तर पर करना चाहिए।
खिलाडिय़ों ने ट्रायल मैचों में बेहतरीन रणनीति, फुर्ती और टीम भावना का प्रदर्शन किया। चयन समिति ने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले खिलाडिय़ों को आगामी मस्तूरी कबड्डी प्रीमियर लीग के लिए चयनित किया। मैदान पर दर्शकों की तालियों से खिलाडिय़ों का उत्साह कई गुना बढ़ गया। इस अवसर पर विजय मिश्रा (सहकोषाध्यक्ष), सुरेश पटेल (संगठन सचिव), प्रभु मरावी, विनोद आर्मो, विजेंद्र पटेल, रामा पटेल, मुकेश पटेल, दशरथ मेरावी, लक्ष्मण ओरकेरा सहित कबड्डी संघ के पदाधिकारी व ग्रामीण खेलप्रेमी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।



