छत्तीसगढ़

संघ के शताब्दी वर्ष पर नेचरकैंप खोंधरा में मस्तूरी खंड का भव्य ‘कुटुंब प्रबोधन एवं परिवार सम्मेलन’

300 परिवारों ने लिया सहभाग, विभाग प्रचारक गणेश राम साहू ने दिया पारिवारिक एकता व भारतीय संस्कृति का संदेश

सीपत (हिमांशु गुप्ता)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ मस्तूरी खंड द्वारा संघ के शताब्दी वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में रविवार को ‘कुटुंब प्रबोधन एवं परिवार सम्मेलन’ का आयोजन सीपत क्षेत्र के खोंधरा स्थित नेचर कैंप (बोईर पड़ाव) के सुरम्य वन क्षेत्र में किया गया। कार्यक्रम में लगभग 300 परिवारों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया, जिससे पूरा परिसर राष्ट्रभावना और पारिवारिक एकता से सराबोर हो गया। इस अवसर पर बिलासपुर विभाग के विभाग प्रचारक श्री गणेश राम साहू जी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, वहीं विभाग कार्यवाह श्री गोवर्धन देवांगन जी का विशेष सानिध्य प्राप्त हुआ। कार्यक्रम में विभाग, जिला, खंड एवं उपखंड के सभी दायित्ववान स्वयंसेवक बड़ी संख्या में मौजूद रहे।

संघ के सूत्रों में बंधा परिवार, सिखाया संगठित रहने की कला

आयोजन के दौरान विविध गतिविधियों जैसे योग, खेल, गीत, कीर्तन, समूह चर्चा और पारिवारिक संवाद के माध्यम से ‘संगठित परिवार – सशक्त समाज’ का संदेश दिया गया। प्रतिभागियों ने दिनभर आनंद और अनुशासन से भरपूर सत्रों का लाभ उठाया।

आधुनिकता के बीच परिवार का अपनापन बचाना जरूरी : गणेशराम साहू

विभाग प्रचारक श्री गणेश राम साहू जी ने अपने प्रेरक उद्बोधन में कहा कि आज हम आधुनिकता की दौड़ में अपनी संस्कृति, विरासत और पारिवारिक मूल्य खोते जा रहे हैं। मोबाइल और तकनीक ने हमें सुविधाएं दी हैं, लेकिन परिवार के बीच अपनापन घटा है। कुटुंब प्रबोधन का उद्देश्य यही है कि हम एक बार फिर मिलकर जीना, आपसी सहयोग और संस्कारों का सम्मान सीखें। उन्होंने बताया कि कुटुंब प्रबोधन अभियान का सार यही है संघ परिवार का तात्पर्य केवल रक्त संबंध नहीं, बल्कि मन, विचार और संस्कारों का एकजुट परिवार है।

वन्य वातावरण में जागा राष्ट्रभाव और आत्मीयता का भाव

खोंधरा के हरियाले नेचर कैंप परिसर में पूरे दिन संघ गीतों की गूंज रही। बच्चों, युवाओं और महिलाओं ने मिलकर पारंपरिक खेलों में भाग लिया। शाम को प्रार्थना व सामूहिक भोजन के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। कार्यक्रम में उपस्थित सैकड़ों परिवारों ने भारतीय संस्कृति के संरक्षण और परिवार को संगठन की प्रथम इकाई के रूप में मजबूत बनाने का संकल्प लिया।

Related Articles

Back to top button