पंधी में झूमा रावत नाच महोत्सव, मटियारी दल ने मारी बाजी

सीपत (हिमांशु गुप्ता)। ग्राम पंचायत पंधी सोमवार को उस समय उल्लास और उत्साह से भर उठा, जब परंपराओं की धारा लिए भव्य रावत नाच महोत्सव की शुरुआत हुई। तीन गांवों की रावत नाच दलों ने अपने मनमोहक अभिनय, नृत्य–लय और पारंपरिक रणभेरी के साथ ऐसा समां बाँधा कि पूरा परिसर तालियों से गूंज उठा। प्रतियोगिता में मटियारी की टीम ने धमाकेदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि पंधी के दोनों दलों को क्रमश: द्वितीय और तृतीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया ।
विशिष्ट अतिथि जनपद सदस्य रेवाशंकर साहू ने कहा कि कलाकारों की ऊर्जा, समर्पण और अनुशासन देखने लायक था। ऐसे आयोजन सामाजिक एकता और सांस्कृतिक गौरव को जिंदा रखते हैं। सभी टीमों ने कमाल कर दिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए सरपंच वीरेंद्र साहू ने कहा कि रावत नाच हमारी पहचान है। यह सिर्फ नृत्य नहीं, बल्कि हमारे पूर्वजों की वीर परंपरा की धरोहर है। पंधी की जनता ने जिस सामूहिक उत्साह से इस आयोजन को सफल बनाया, वह अभूतपूर्व है। कार्यक्रम में गतौरा के सरपंच नरेंद्र वस्त्रकार, अभिलेश यादव, अब्दुल कय्यूम खान, विनोद साहू, अरुण श्रीवास, मनोज वर्मा, कैलाश चंद्राकर, जाबिर खान, सुमेंद्र वर्मा, नागेश सूर्यवंशी, दिलीप साहू, मुनीर खान, लव यादव, गुड्डू यादव, संतोष यादव, ईश्वर यादव, अभिषेक धर दीवान, संजीत धर दीवान सहित सैकड़ों ग्रामीणों की उपस्थिति ने महोत्सव को भव्यता प्रदान की। पूरे रावत नाच एवं बाजार महोत्सव का आयोजन शांति, अनुशासन और सौहार्द्र के साथ सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम स्थल पर सीपत पुलिस टीम ने मुस्तैदी से सुरक्षा व्यवस्था संभाली, जिससे आयोजन पूरी तरह सुचारू और आनंददायक रहा।

