समर्पण की मिसाल; 30 वर्षों की सेवायात्रा को मिला सम्मान, पवन कुमार पटेल बने मंजूरपहरी हाईस्कूल के प्राचार्य
आत्मानंद स्कूल सीपत के स्टाफ ने बुके भेंटकर किया भावपूर्ण सम्मान, 16 वर्ष सीपत में सेवा देने वाले प्रतिष्ठित भौतिक शास्त्र व्याख्याता को मिली पदोन्नति

सीपत (हिमांशु गुप्ता)। शिक्षा जगत में अपनी सादगी, समर्पण और अनुशासनप्रिय कार्यशैली से अलग पहचान बनाने वाले श्री पवन कुमार पटेल ने शासकीय हाईस्कूल मंजूरपहरी में प्राचार्य के रूप में पदभार ग्रहण किया।
इस अवसर पर पूर्व आत्मानंद स्कूल स्टाफ सीपत ने पुष्पगुच्छ भेंटकर पटेल जी का आत्मीय स्वागत और सम्मान किया। 30 वर्षों की अनुकरणीय सेवा सफर एक प्रेरक सफर रहा। श्री पटेल ने अपने शिक्षकीय जीवन की शुरुआत शा.उ.मा. विद्यालय लोहरसी सोन से की। इसके बाद गवर्मेंट हायर सेकंडरी स्कूल ओखर , पचपेड़ी और अंत में शासकीय उच्चतर माध्यमिक बालक शाला सीपत में उन्होंने 2009 से 2025 तक लगातार 16 वर्षों तक अपनी सेवाएं देकर अनेकों विद्यार्थियों के जीवन में उजाला फैलाया। 18 अक्टूबर 1995 से 27 नवंबर 2025 तक भौतिक शास्त्र व्याख्याता के रूप में कुल 30 वर्षों की अद्वितीय सेवाओं के बाद उन्हें प्राचार्य पद पर पदोन्नत किया गया है। उनका निवास ग्राम पंधी में है, और वे अपने अनुशासित व्यक्तित्व, गहन विषय-ज्ञान तथा विद्यार्थियों के प्रति अभूतपूर्व समर्पण के लिए जाने जाते हैं।
सीपत के सेजेस स्टाफ ने दी शुभकामनाएं
आत्मानंद स्कूल सीपत के पूर्व स्टाफ सदस्यों ने कहा कि पवन सर हमेशा से प्रेरणा के स्रोत रहे हैं। उनकी पदोन्नति हम सभी के लिए गर्व का विषय है।सम्मान समारोह में सभी ने उनके उज्ज्वल भविष्य, नई जिम्मेदारियों में सफलता, और विद्यालय को नई ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए शुभकामनाएं प्रेषित कीं। श्री पवन कुमार पटेल की यह उपलब्धि शिक्षा परिवार के लिए गौरव का पल है।

