छत्तीसगढ़

शिक्षा की गुणवत्ता सुधारना हमारा सामूहिक दायित्व: राजेंद्र धीवर

मुख्यमंत्री शिक्षा गुणवत्ता अभियान के तहत जांजी स्कूल का निरीक्षण, जिला पंचायत सदस्य राजेंद्र धीवर ने किया शैक्षणिक अवलोकन

सीपत (हिमांशु गुप्ता)। मुख्यमंत्री शिक्षा गुणवत्ता अभियान को ज़मीनी स्तर पर सशक्त बनाने की दिशा में शनिवार को जिला पंचायत सदस्य श्री राजेंद्र कुमार धीवर ने शासकीय माध्यमिक विद्यालय जांजी का विस्तृत निरीक्षण किया। यह दौरा कलेक्टर एवं जिला मिशन संचालक, समग्र शिक्षा बिलासपुर के निर्देशानुसार किया गया, जिसके अंतर्गत जिले की चिन्हांकित डी पेड की शालाओं के मूल्यांकन एवं अपग्रेडेशन की प्रक्रिया चल रही है। निरीक्षण के दौरान विद्यालय की शैक्षणिक स्थिति, विद्यार्थियों की सीखने की क्षमता, शिक्षकों की उपस्थिति, कक्षा संचालन, मूलभूत सुविधाएं तथा शैक्षणिक वातावरण का गहन अवलोकन किया गया। इस अवसर पर संकुल शैक्षिक समन्वयक एवं सहयोगी शिक्षकों द्वारा विद्यालय की वर्तमान स्थिति की जानकारी दी गई।


विद्यालय परिसर में उपस्थित शिक्षकों एवं विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए जिला पंचायत सदस्य राजेंद्र धीवर ने कहा कि मुख्यमंत्री शिक्षा गुणवत्ता अभियान केवल एक सरकारी योजना नहीं, बल्कि बच्चों के भविष्य को मजबूत करने का संकल्प है। यदि आज हम विद्यालयों को सशक्त करेंगे, तो आने वाला कल अपने आप सशक्त होगा। जांजी स्कूल सहित पूरे क्षेत्र में शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने के लिए हर संभव सहयोग दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि विद्यालयों का मूल्यांकन कर उन्हें उन्नत बनाना उनकी व्यक्तिगत प्राथमिकता है और इस दिशा में किसी भी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाएगी। श्री धीवर ने अधिकारियों व शिक्षकों से कहा कि मूल्यांकन के पश्चात विद्यालय की स्थिति को विद्या समीक्षा केंद्र द्वारा विकसित एप में समय-सीमा के भीतर दर्ज किया जाए, ताकि शासन स्तर पर आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाए जा सकें। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि विद्यालय में आवश्यक संसाधन, शैक्षणिक सहयोग और आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए वे हर स्तर पर प्रयास करेंगे। इस अवसर पर बीआरसी सूरज सिंह क्षत्रिय , तुलेश्वर सिंह कौशिक संकुल शैक्षिक समन्वयक, प्राचार्या ज्योति तिर्की सहित सहयोगी शिक्षक एवं विद्यालय स्टाफ उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में मुख्यमंत्री शिक्षा गुणवत्ता अभियान को सफल बनाने के लिए प्रतिबद्धता जताई। उल्लेखनीय है कि राज्य परियोजना कार्यालय रायपुर के निर्देशानुसार जिले की चिन्हांकित शालाओं का मूल्यांकन कार्य 15 दिसंबर 2025 तक पूर्ण किया जाना है। इस कड़ी में जांजी विद्यालय का यह निरीक्षण अभियान को गति देने वाला महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।ग्रामीणों एवं विद्यालय परिवार ने जिला पंचायत सदस्य राजेंद्र धीवर के सक्रिय प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में क्षेत्र की शिक्षा व्यवस्था को नई दिशा मिल रही है।

Related Articles

Back to top button