सडक़ हादसे में पूर्व गृहमंत्री की बेटी सहित 3 की मौत, एक युवती गंभीर

इंदौर। इंदौर के रालामंडल क्षेत्र में शुक्रवार तडक़े एक दर्दनाक सडक़ हादसे में तीन युवाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवती गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे में पूर्व गृहमंत्री बाला बच्चन की बेटी प्रेरणा बच्चन की भी मौत हो गई। घटना सुबह करीब 5:15 बजे की बताई जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सामने चल रहे ट्रक में जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और वह पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। कार में चार दोस्त सवार थे, जो जन्मदिन मनाकर लौट रहे थे।
मृतकों की पहचान प्रेरणा बच्चन, प्रखर कासलीवाल और मनसिन्धु के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि कार प्रखर कासलीवाल चला रहा था। हादसे में अनुष्का नामक युवती गंभीर रूप से घायल हुई है, जिसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
बताया गया है कि प्रेरणा बच्चन की कुछ समय बाद शादी होने वाली थी, जिससे परिवार में मातम पसरा हुआ है। घटना की सूचना मिलते ही कांग्रेस नेता और परिजन मौके पर पहुंचने लगे। पूर्व मंत्री बाला बच्चन भी इंदौर के लिए रवाना हो गए हैं।
रालामंडल थाना पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। उसकी तलाश के लिए शहर के बाहरी इलाकों में नाकेबंदी की गई है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपी चालक को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।



