सीपत में जानलेवा बने ट्रिपल ब्रेकर
धूल, हादसे और प्रदूषण से त्रस्त व्यापारियों ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन , हटाने की मांग

सीपत (हिमांशु गुप्ता)। सीपत क्षेत्र में बनाए गए ट्रिपल ब्रेकर अब दुर्घटनाओं, धूल और प्रदूषण का बड़ा कारण बनते जा रहे हैं। इस गंभीर समस्या को लेकर सीपत व्यापारी संघ के सदस्यों ने ग्राम कर्रा में आयोजित मिशन जल संरक्षण कार्यक्रम के दौरान मौके पर पहुंचे बिलासपुर कलेक्टर संजय अग्रवाल को ज्ञापन सौंपकर त्वरित कार्रवाई की मांग की। ज्ञापन में बताया गया कि सीपत मुख्य मार्ग पर बनाए गए ट्रिपल ब्रेकर वाहन दुर्घटनाओं को रोकने के बजाय खतरा बन चुके हैं।
भारी वाहनों, ट्रेलरों और कोल परिवहन से जुड़े ट्रकों की लगातार आवाजाही के कारण यहां तेज़ धूल उड़ रही है, जिससे पूरा क्षेत्र प्रदूषण की चपेट में आ गया है। दुकानदारों, राहगीरों और स्थानीय नागरिकों को सांस लेने तक में परेशानी हो रही है।व्यापारियों ने बताया कि ट्रिपल ब्रेकर के कारण वाहनों का संतुलन बिगड़ रहा है, जिससे इंटरलॉक दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। कई बार बाइक सवार और छोटे वाहन चालक गिरते-गिरते बचे हैं। इसके साथ ही सडक़ पर फैली गिट्टी, मिट्टी और अन्य सामग्री ने हालात और भी खराब कर दिए हैं। व्यापारियों ने ग्राम के मध्य बने ट्रिपल ब्रेकर को हटाने या फिर इन्हें गांव के प्रवेश या अंतिम छोर पर स्थानांतरित किया जाने , ट्रिपल ब्रेकर के स्थान पर सिंगल, मानक ब्रेकर का निर्माण करने , धूल नियंत्रण और सडक़ की नियमित सफाई की व्यवस्था की जाने की मांग की। व्यापारियों ने स्पष्ट किया कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो जनस्वास्थ्य और पर्यावरण पर इसका गंभीर असर पड़ेगा। व्यापारियों का कहना है कि ब्रेकर्स दुर्घटनाओं से बचाने के लिए होते हैं, लेकिन यहां बने ट्रिपल ब्रेकर खुद हादसों की वजह बन रहे हैं। धूल-प्रदूषण से व्यापार और आमजन दोनों परेशान हैं।




