सीपत में चोरी की बड़ी वारदात टली, गुगल होंडा वर्कशॉप में देर रात सेंधमारी का प्रयास
टीने का शेड काटकर घुसने की कोशिश, चौकीदार की सतर्कता से बची दुकान, पुलिस जांच में जुटी

सीपत (हिमांशु गुप्ता)। थाना सीपत क्षेत्र अंतर्गत मटेरियल गेट बहेरापुल के पास स्थित गुगल होंडा वर्कशॉप में अज्ञात चोरों द्वारा चोरी करने का प्रयास किए जाने का मामला सामने आया है। घटना 14 जनवरी 2026 की तडक़े लगभग 3 बजे की बताई जा रही है। चोरों ने दुकान में घुसने के लिए टीन के शेड के बगल से लोहे को काटकर अंदर प्रवेश करने की कोशिश की, हालांकि समय रहते चौकीदार की सतर्कता से बड़ी चोरी टल गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार दुकान के चौकीदार श्री भुलाउ सिदार ने रात के समय संदिग्ध गतिविधि देखी, जिसके बाद उन्होंने तुरंत दुकान संचालक शशांक गुप्ता को फोन कर घटना की सूचना दी।
सूचना मिलते ही संचालक मौके पर पहुंचे, जहां उन्होंने देखा कि शेड के पास टीन को काटा गया है और अंदर घुसने का स्पष्ट प्रयास किया गया है। दुकान संचालक शशांक गुप्ता ने बताया कि जिस तरह से टीन काटा गया है, उससे साफ जाहिर होता है कि अज्ञात लोगों का उद्देश्य चोरी करना था। समय पर चौकीदार की सूचना नहीं मिलती तो बड़ा नुकसान हो सकता था। मैंने तुरंत थाना सीपत को घटना की जानकारी दी। घटना की सूचना मिलते ही सीपत पुलिस को अवगत कराया गया। पुलिस ने मौके की स्थिति का जायजा लिया और अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच प्रारंभ कर दी है।
पुलिस का कहना है कि आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है तथा संदिग्धों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। थाना पुलिस के अनुसार, जल्द ही आरोपियों को चिन्हित कर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। इस घटना के बाद क्षेत्र के व्यापारियों में चिंता का माहौल है। स्थानीय दुकानदारों ने रात्रि गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।



