मनरेगा गरीब की जीवनरेखा है, इसे कमजोर करने की साजिश को कांग्रेस कभी सफल नहीं होने देगी: विधायक लहरिया
मनरेगा बचाव संग्राम; खांड़ा बाजार में केंद्र सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ कांग्रेस का जोरदार प्रदर्शन

सीपत (हिमांशु गुप्ता)। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार एवं जिला कांग्रेस कमेटी बिलासपुर के तत्वाधान में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी सीपत के नेतृत्व में शनिवार को खांड़ा बाजार में मनरेगा बचाव संग्राम कार्यक्रम का भव्य एवं संघर्षपूर्ण आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम के माध्यम से केंद्र सरकार की जनविरोधी नीतियों, मनरेगा योजना में हो रही कटौती, समय पर मजदूरी भुगतान न होने तथा श्रमिकों के साथ हो रहे अन्याय के खिलाफ आम जनता की आवाज़ बुलंद की गई।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में मनरेगा श्रमिकों, ग्रामीणों एवं कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाग लेकर यह स्पष्ट संदेश दिया कि मनरेगा केवल योजना नहीं, बल्कि गरीबों और श्रमिकों का संवैधानिक अधिकार है, जिसे कमजोर करने का हर प्रयास कांग्रेस सडक़ों पर उतरकर रोकेगी। इस अवसर पर नवनियुक्त जिला ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष महेन्द्र गंगोत्री, मस्तूरी विधायक दिलीप लहरिया, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी सीपत के नवनियुक्त अध्यक्ष राजेन्द्र धीवर एवं कृषि स्थायी समिति जनपद मस्तूरी के सभापति मनोज खरे विशेष रूप से उपस्थित रहे।
केंद्र सरकार गरीबों की थाली छीनने पर आमादा, कांग्रेस नहीं होने देगी खत्म , मजदूर की मेहनत का पूरा दाम दिलाना हमारी जिम्मेदारी: दिलीप लहरिया
मस्तूरी विधायक दिलीप लहरिया ने कहा कि मनरेगा गरीब, मजदूर और किसान के जीवन की सुरक्षा कवच है।केंद्र सरकार जानबूझकर बजट में कटौती कर रही है, मजदूरी भुगतान रोक रही है और श्रमिकों को भटकाने का काम कर रही है। कांग्रेस इस अन्याय को बर्दाश्त नहीं करेगी। उन्होंने आगे कहा कि जब तक श्रमिकों को पूरा हक नहीं मिलेगा, तब तक कांग्रेस सडक़ से संसद तक संघर्ष करती रहेगी। मनरेगा को कमजोर करना सीधे-सीधे गरीबों पर हमला है।
ग्रामीण भारत की आवाज़ बनेगा कांग्रेस का आंदोलन: महेन्द्र गंगोत्री
नवनियुक्त जिला ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष महेन्द्र गंगोत्री ने कहा कि मनरेगा के माध्यम से करोड़ों ग्रामीण परिवारों को रोजगार और सम्मान मिला है। आज केंद्र सरकार योजनाबद्ध तरीके से इसे समाप्त करने की दिशा में काम कर रही है। कांग्रेस हर गांव, हर ब्लॉक में मनरेगा बचाव की लड़ाई लड़ेगी। उन्होंने कहा कि ग्रामीण कांग्रेस संगठन मजदूरों के हक की लड़ाई में पूरी ताकत से मैदान में उतरेगा।
सीपत ब्लॉक से उठेगा मनरेगा बचाव का सबसे मजबूत स्वर : राजेन्द्र धीवर
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी सीपत के नवनियुक्त अध्यक्ष राजेन्द्र धीवर ने कहा कि मनरेगा मजदूरों के साथ हो रहा अन्याय अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सीपत ब्लॉक कांग्रेस मजदूरों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी है। यह आंदोलन लगातार तेज किया जाएगा।
गरीब विरोधी नीतियों के खिलाफ निर्णायक संघर्ष जरूरी: चित्रकांत श्रीवास
केश शिल्प बोर्ड के उपाध्यक्ष चित्रकांत श्रीवास ने कहा कि केंद्र सरकार की नीतियां गरीब विरोधी हैं। मनरेगा पर कुठाराघात कर मजदूरों की रोजी-रोटी छीनी जा रही है। कांग्रेस इस लड़ाई को निर्णायक मोड़ तक ले जाएगी।
खांड़ा से निकलेगी जनआंदोलन की नई चिंगारी : प्रमोद जायसवाल
खांड़ा के नवनियुक्त मंडल अध्यक्ष प्रमोद जायसवाल ने कहा कि खांड़ा की धरती से मजदूरों के हक की आवाज़ पूरे जिले में गूंजेगी। कांग्रेस हर श्रमिक के साथ खड़ी है।
युवा शक्ति मनरेगा बचाव संग्राम में अग्रिम पंक्ति में: सुनील पटेल
जिले यूथ कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष सुनील पटेल ने कहा कि युवा कांग्रेस मनरेगा बचाव आंदोलन में अग्रिम पंक्ति में रहकर संघर्ष करेगी। यह लड़ाई रोजगार, सम्मान और संविधान की रक्षा की है।
इनकी रही प्रमुख उपस्थिति
कार्यक्रम में अशोक राजवाल, राजू सूर्यवंशी, भागीरथी पोरते, वृंदा सूर्यवंशी, मुकेश यादव, रामसनेही कमल, दीपक साहू, जितेंद्र गोस्वामी, खांड़ा सरपंच कामता कैवर्त, नारायण दास, राजेंद्र सूर्यवंशी, टीकाराम सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसी कार्यकर्ता, सेवादल, महिला कांग्रेस, किसान कांग्रेस, एनएसयूआई एवं मनरेगा श्रमिक उपस्थित रहे।



