छत्तीसगढ़

मदनलाल शुक्ल कॉलेज का एनएसएस शिविर का ठरकपुर में भव्य शुभारंभ

नशामुक्ति अभियान के साथ गांव-गांव जागरूकता फैलाएंगे स्वयंसेवक: कार्यक्रम अधिकारी शत्रुहन घृतलहरे

सीपत (हिमांशु गुप्ता)। शासकीय मदनलाल शुक्ल कॉलेज सीपत के द्वारा आयोजित सात दिवसीय रासेयो विशेष शिविर का भव्य शुभारंभ ग्राम पंचायत आश्रित ग्राम ठरकपुर में सोमवार को उत्साहपूर्ण वातावरण के बीच संपन्न हुआ। शिविर का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र में सामाजिक जागरूकता, स्वच्छता, स्वास्थ्य और विशेष रूप से नशामुक्ति अभियान को जन-जन तक पहुंचाना है। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सरपंच चंद्रभूषण कश्यप ने दीप प्रज्वलित कर शिविर का शुभारंभ किया।
उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि युवाओं की ऊर्जा जब समाजहित में लगती है तो बदलाव निश्चित होता है। उन्होंने स्वयंसेवकों के इस प्रयास की सराहना करते हुए ग्रामवासियों से सहयोग की अपील की। शिविर संरक्षक एवं प्राचार्य राजीव शंकर खेर के मार्गदर्शन में आयोजित हो रहा है। कार्यक्रम के अध्यक्षता कर रहे प्रभारी प्राचार्य डॉ. रघुनंदन पटेल ने कहा कि एनएसएस शिविर विद्यार्थियों को समाज के वास्तविक जीवन से जोड़ता है और उनमें सेवा, संवेदनशीलता व नेतृत्व की भावना विकसित करता है। कार्यक्रम अधिकारी शत्रुघ्न घृतलहरे ने कहा कि यह विशेष शिविर केवल औपचारिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि सामाजिक परिवर्तन का अभियान है। हमारे स्वयंसेवक गांव में नशामुक्ति, स्वच्छता, स्वास्थ्य जागरूकता और शिक्षा जैसे विषयों पर घर-घर जाकर संवाद करेंगे। हमारा लक्ष्य है कि सात दिनों में गांव के हर व्यक्ति तक सकारात्मक संदेश पहुंचे और युवाओं में जिम्मेदारी की भावना विकसित हो। उन्होंने आगे कहा कि शिविर के दौरान स्वच्छता अभियान, जागरूकता रैली, स्वास्थ्य परीक्षण, सांस्कृतिक कार्यक्रम और ग्रामसभा संवाद जैसे विविध आयोजन किए जाएंगे। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथियों के रूप में रामगोपाल जायसवाल प्रधानपाठक , नन्द कुमार साहू प्रधानपाठक , शंकर सिंह टेकाम पंच, सुरेंद्र पटेल, एसके. सिंह, डॉ. रामप्रसाद चंद्रा सहायक प्राध्यापक , भूपेंद्र देवांगन सहायक प्राध्यापक सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

पहले ही दिन शुरू हुआ जनसंपर्क अभियान

उद्घाटन के तुरंत बाद स्वयंसेवकों ने गांव में सघन जनसंपर्क कर घर-घर जाकर ग्रामीणों को शिविर गतिविधियों में शामिल होने का आमंत्रण दिया। बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों से संवाद कर उन्हें नशामुक्ति और स्वच्छ जीवनशैली के प्रति जागरूक किया गया।
गांव में एनएसएस शिविर के आगमन से उत्साह का माहौल है और ग्रामीणों ने स्वयंसेवकों को पूरा सहयोग देने का आश्वासन दिया है। यह सात दिवसीय शिविर निश्चित ही ठरकपुर गांव में जागरूकता, सेवा और सकारात्मक बदलाव की नई मिसाल कायम करेगा।

Related Articles

Back to top button