नशे के खिलाफ जंग में जनता की भागीदारी सबसे बड़ी ताकत : टीआई अजहरउद्दीन
मस्तूरी पुलिस की चेतना रैली सुखरीपाली में बनी जनजागरण की मिसाल

सीपत (हिमांशु गुप्ता)। मस्तूरी पुलिस द्वारा चलाए जा रहे चेतना – नशा विरुद्ध जनजागरण अभियान के तहत ग्राम सुखरीपाली में एक व्यापक नशा मुक्ति जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। रैली में पुलिस अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और सैकड़ों ग्रामीणों की सक्रिय भागीदारी ने पूरे गांव को जागरूकता और सकारात्मक ऊर्जा से भर दिया। रैली का नेतृत्व एसडीओपी लालचंद मोहरे और मस्तूरी थाना प्रभारी (टीआई) अजहरउद्दीन ने किया। पुलिस दल और ग्रामीणों ने गांव की गलियों में भ्रमण कर नशे के दुष्परिणामों, साइबर अपराध से बचाव और नए कानूनी अधिकारों के बारे में जानकारी दी। जागरूकता नारों और संवाद के माध्यम से लोगों को नशे से दूर रहने तथा समाज को सुरक्षित बनाने का संदेश दिया गया।

नशा छोड़ो, भविष्य जोड़ो : टीआई अजहरउद्दीन
मस्तूरी थाना प्रभारी अजहरउद्दीन ने अपने संबोधन में कहा कि नशा सिर्फ व्यक्ति को नहीं, पूरे परिवार और समाज को खोखला कर देता है। पुलिस का यह अभियान तभी सफल होगा जब हर नागरिक नशे के खिलाफ खड़ा होगा। हमारी कोशिश है कि युवा सही दिशा में आगे बढ़ें और गांव सुरक्षित, स्वस्थ और जागरूक बने। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि नशे के अवैध कारोबार की सूचना तुरंत पुलिस को दें और साइबर ठगी से बचने के लिए सतर्क रहें।
जनजागरण ही स्थायी समाधान : एसडीओपी लालचंद मोहरे
एसडीओपी लालचंद मोहरे ने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई केवल कानून से नहीं, जागरूकता से जीती जाती है। जब समाज स्वयं जिम्मेदारी लेता है, तब अपराध स्वत: कम होते हैं। पुलिस लगातार गांव-गांव पहुंचकर लोगों को जागरूक कर रही है, ताकि आने वाली पीढ़ी सुरक्षित रह सके। उन्होंने बताया कि यह अभियान पूरे क्षेत्र में निरंतर चलाया जाएगा।
गांव की भागीदारी से ही बदलेगा माहौल : जनपद सदस्य रेवाशंकर साहू
जनपद सदस्य रेवाशंकर साहू ने पुलिस की पहल की सराहना करते हुए कहा कि मस्तूरी पुलिस ने समाजहित में सराहनीय कदम उठाया है। यदि ग्रामीण संगठित होकर नशे का विरोध करें, तो गांव का वातावरण पूरी तरह बदल सकता है। युवाओं को खेल, शिक्षा और सकारात्मक गतिविधियों की ओर बढ़ाना ही असली समाधान है।
जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों की उत्साहपूर्ण भागीदारी
कार्यक्रम में मस्तूरी एएसआई शिवचंद्रा , भास्कर पटेल जनपद सदस्य , मीना वस्त्रकार सरपंच, गतौरा , वीरेंद्र साहू सरपंच पंधी , कुमारी बाई पंच , प्रदीप राठौर, सुभाष साहू, देवराम साहू सहित सैकड़ों ग्रामीण उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर नशामुक्त समाज बनाने का संकल्प लिया। नशे के शारीरिक, मानसिक और सामाजिक दुष्परिणाम , साइबर अपराध से बचने के उपाय , नए कानूनी अधिकारों की जानकारी , पुलिस को सूचना देने के सुरक्षित तरीके की जानकारी दी गई।
मस्तूरी पुलिस की यह पहल न केवल कानून व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है, बल्कि समाज को जागरूक और जिम्मेदार बनाने की प्रेरणादायक मिसाल भी बन रही है। सुखरीपाली की यह रैली अब क्षेत्र में नशामुक्ति जनआंदोलन का रूप लेती नजर आ रही है।



